शामली। प्रदेश सरकार के तमाम प्रयासों के बाद भी जनपद के परिषदीय स्कूलों की व्यवस्थाएं पटरी पर नहीं लौट रही हैं। आधा सत्र बीत चुका है, वहीं सर्दी का मौसम भी शुरू हो चुका है, लेकिन अभी तक भी काफी बच्चों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी का 1200 रुपये नहीं पहुंचे है। इस कारण वह बच्चों के लिए यूनिफॉर्म व अन्य सामान नहीं खरीद पा रहे हैं।
जनपद में 596 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं, इनमें 76643 छात्र-छात्रा पंजीकृत हैं। एक अप्रैल से नए सत्र की शुरुआत हो जाती है। योजना के तहत शासन की ओर से 1200 रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से बच्चों के अभिभावकों के खाते में भेजी जाती है। इससे वह पैसे निकालकर बच्चों के लिए यूनिफॉर्म के साथ ही जूते-मौजे खरीद सकें।
अभी तक भी 3660 अभिभावकों के खातों में डीबीटी की धनराशि नहीं पहुंची है। बच्चे स्कूलों में बिना यूनिफॉर्म के ही पहुंच रहे हैं। अभिभावक सोहन, रामपाल का कहना है कि सर्दियों में बच्चों को परेशानी होती है, विभाग को इस पर ध्यान देना चाहिए।