शामली के खेड़ीकरमू गांव में दहेज में कार न मिलने पर दूल्हा बरात लेकर नहीं पहुंचा। दुल्हन सजी-संवरी इंतजार करती रही, पर निकाह नहीं हो सका। परिजनों ने कोतवाली में तहरीर दी है।
शामली जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के खेड़ीकरमू गांव में एक भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति की दो बेटियों की शादी एक ही दिन रविवार को तय थी। बड़ी बेटी की बरात बागपत के असारा से आई और निकाह की रस्में संपन्न हो गईं, लेकिन छोटी बेटी की बरात कैराना से नहीं पहुंची।
विज्ञापन
परिजनों के मुताबिक, शनिवार देर रात दूल्हे और उसके परिजनों ने दहेज में कार की मांग रखते हुए बरात लाने से इनकार कर दिया। इसके बाद दुल्हन के पिता और अन्य रिश्तेदार रात में ही दूल्हे के घर कैराना पहुंचे और बरात लाने के लिए मिन्नतें कीं, लेकिन कोई असर नहीं हुआ।
रविवार को दिनभर परिजन बरात का इंतजार करते रहे। दुल्हन सज-धजकर तैयार थी, लेकिन उसका निकाह नहीं हो पाया। सोमवार को पीड़ित परिवार शहर कोतवाली पहुंचा और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और कुछ सामाजिक लोग दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की कोशिश में लगे हैं।