शामली। राष्ट्रीय कृमि नाशक दिवस के लिए एलबेंडाजोल टैबलेट शासन स्तर से मुहैया करा दी गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी का कहना है कि टैबलेट के अलावा प्रचार सामग्री प्राप्त हुई है, जिसे जिले के स्वास्थ्य केंद्रों और स्कूलों में प्रचार प्रसार के लिए बंटवाया जा रहा है।
गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से 10 फरवरी को राष्ट्रीय कृमि नाशक दिवस मनाया जाना है। इसके लिए उपयोग में लाई जाने वाली एलबेंडाजोल टैबलेट का स्थानीय स्तर पर अभाव बना हुआ था। अनुबंधित कंपनी कई बार पत्राचार करने के बावजूद अगस्त से अब तक टैबलेट की सप्लाई नहीं कर रही थी। अमर उजाला ने चार फरवरी के अंक में इस समस्या को प्रमुखता से उठाया। इसके चलते पांच फरवरी को ही शासन स्तर से एलबेंडाजोल टैबलेट पर्याप्त संख्या में शामली जिले के उपलब्ध कराई गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी विनीता अग्निहोत्री ने बताया कि लखनऊ से टैबलेट पर्याप्त मात्रा में भिजवा दी गई है। अब राष्ट्रीय कृमि नाशक दिवस पर दवाओं की कोई कमी नहीं है। अभियान के तहत एक से 19 साल उम्र तक के लोगों को टैबलेट दी जाती है। एक से दो वर्ष तक के बच्चे को आधी और दो से 19 तक को एक टैबलेट दी जाती है। शामली जिले में 768 प्राइमरी स्कूल, 11 इंटर कॉलेज और 980 आंगनबाड़ी केंद्रों पर से एक लाख 84 हजार 841 बच्चों को टैबलेट देने का लक्ष्य निर्धारित है।