शामली। ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव पर शामली के बाद कांधला में भी निर्विरोध प्रमुख चुना जाना तय हो गया है। कांधला में तीन नामांकन पत्र जमा हुए थे, जिनमें से दो नामांकन पत्र वापस ले लिए गए।
कांधला ब्लाक प्रमुख पद के लिए सपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह के भतीजे हरविंदर सिंह जसाला, ओमवीर सिंह नाला और राजकुमार लिसाढ़ ने नामांकन पत्र जमा कराए थे। शनिवार को नामांकन पत्र वापसी का दिन था। दोपहर को राजकुमार लिसाड़ और ओमवीर सिंह नाला कांधला ब्लाक कार्यालय पहुंचे और अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। अब हरविंदर सिंह का निर्विरोध ब्लाक प्रमुख चुना जाना तय हो गया है।
इस दौरान ब्लाक कार्यालय पर हरविंदर सिंह अपने समर्थकों सहित मौजूद रहे। नगर पालिका कांधला चेयरमैन वाजिद हसन, पूर्व प्रमुख डॉ. विनोद मलिक, सतबीर मलिक, प्रधान वकील जंग आदि सहित अन्य लोग हरविंदर सिंह को बधाई देने लगे।
गौरतलब है कि इससे पूर्व में शामली के ब्लाक प्रमुख पद पर जयदेव मलिक की पत्नी मुन्नी देवी का ही नामांकन पत्र जमा हुआ है। शामली ब्लाक प्रमुख भी निर्विरोध चुनी जानी तय हो गई हैं। रविवार को जिले भर में ब्लाक प्रमुख पद के लिए मतदान होना है, जिसमें एक ही नामांकन पत्र होने के कारण शामली और कांधला में प्रमुख पद पर विजेता की घोषणा महज औपचारिकता रह गई है।