शामली। राष्ट्रीय किसान मजदूर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार वीएम सिंह ने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार को किसानों की कतई चिंता नहीं है। सरकारें तो मिल मालिकों की जेब में रहती हैं।
शनिवार दोपहर वीएम सिंह शामली के गांव बधेव में भाकियू नेता अक्षय देशवाल के पुत्र योगी के शादी समारोह में पहुंचे। इस दौरान किसानों की सभा में उन्होंने कहा कि आज किसान बुरी तरह त्रस्त हैं। पहले ओलावृष्टि, फिर सूखे ने फसलें बर्बाद कर दीं। वहीं, धान का वाजिब दाम किसानों को नहीं मिल सका। सरकारी मूल्य से कम दाम पर बाजार में किसानों को धान बेचना पड़ा। ऊपर से चीनी मिलों पर करोड़ों रुपये गन्ना भुगतान बकाया है। अब प्रदेश सरकार ने गन्ना मूल्य में कोई इजाफा न करके किसानों के साथ धोखा किया है।
पूर्व में सपा नेताओं ने वादा किया था कि 350 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य दिलाएंगे, लेकिन वादा अधूरा रह गया। यदि भविष्य और आने वाली पीढ़ी की खुशहाली चाहते हैं, तो किसानों को जागरूक होना पड़ेगा। मिलों पर बकाया गन्ना भुगतान को लेकर वीएम सिंह ने कहा कि कोर्ट ने 24 घंटे में भुगतान कराने का आदेश प्रदेश सरकार को दिया था, लेकिन सरकार मिल मालिकों के असर में है। वहीं, उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने दस करोड़ नौकरियां देने का वादा किया, लेकिन वह भी पूरा नहीं हुआ।
कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी की सरकार बनी, तो किसानों की समस्या प्राथमिकता से हल कराई जाएंगी। पूर्व गन्ना मंत्री स्वामी ओमवेश, बतीसा खाप के चौधरी सूरजमल, गठवाला खाप के थांबेदार बाबा श्याम सिंह, शरणवीर देशवाल, मदन सिंह, राजेंद्र सिंह लिसाड़, वीरेंद्र सिंह, डॉ. उदयवीर सिंह, लोकेंद्र सिंह जिलाध्यक्ष बागपत, रणधीर सिंह तोमर आदि मौजूद रहे।