शामली। कोरोना से बचाव के लिए टीका लगवाने के बावजूद बंदिशें कम नहीं होंगी। संक्रमण रोकने के लिए बरती जा रही एहतियात जस की तस रहेंगी। शनिवार को टीका लगवाने वालों को दूसरी खुराक लगाने के लिए 15 फरवरी को बुलाया गया। उन्हें टीकाकरण का जो कार्ड दिया गया है, वह जरूर लाना होगा। टीकाकरण लगाने के साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों को हिदायत भी दी गई। उन्हें पहले की तरह मॉस्क लगाने, सामाजिक दूरी का पालन करने तथा बार-बार हाथ धोने और सैनिटाइजर का इस्तेमाल करते रहने के लिए कहा गया है।
------------
60 स्वास्थ्य कर्मियों ने किया किनारा
शामली। बहुप्रतीक्षित होने के बावजूद जिले के 60 स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना से बचाव का टीका लगवाने नहीं आए। जिले में पहले दिन 300 स्वास्थ्यकर्मियों को टीकाकरण के लिए बुलाया गया था लेकिन 240 ही पहुंचे।
--------
अब अगले आदेश के बाद लगेंगे टीके
शामली। अब शासन के आदेश मिलने के बाद ही आगे टीकाकरण किया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरके सागर ने बताया कि जिन लोगों को शनिवार के टीके लगे हैं, उन्हें 15 फरवरी को दूसरी खुराक दी जाएगी। अन्य लोगों का टीकाकरण शासन से आदेश मिलने के बाद ही किया जाएगा।