महिला के पक्ष में उतरा गोस्वामी समाज
गढ़ीपुख्ता। गांव गढ़ी अब्दुल्ला में अपने मकान का ताला लगाकर चली गई महिला के पक्ष में गोस्वामी समाज आ गया है। गोस्वामी समाज के प्रतिनिधियों ने डीएम को ज्ञापन देकर महिला को न्याय दिलाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम गढ़ी अब्दुल्ला में काजल पुरी पत्नी स्वर्गीय सुशील पुरी का परिवार 17 बीघे भूमि की वर्षों से जुताई करता आ रहा है। इस भूमि को गांव के कुछ लोग हड़पना चाहते हैं तथा आए दिन परेशान कर रहे हैं। काजल पुरी परेशान होकर गांव से अपना सामान लेकर बच्चों के साथ चली गई है। उन्होंने मामले में कार्रवाई करते हुए महिला को न्याय दिलाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में भाजपा युवा नेता अनुकूल गिरी, प्रशांत गिरी, राजू गिरी, अजय गिरी, सुधीर गिरी, पंकज गिरी, सतबीर गिरी, भरत गिरी आदि मौजूद रहे।
अधिकारियों ने नहीं ली सुध
गढीपुख्ता। गांव गढ़ी अब्दुल्ला की महिला काजल पुरी के गांव से चले जाने के तीन दिन बाद भी कोई अधिकारी गांव में नहीं पहुंचा। मकान पर बिकाऊ है लिखकर महिला शनिवार को ताला लगाकर चली गई थी। महिला का अभी भी कुछ पता नहीं लगा है। ग्रामीणों ने बताया कि अभी तक भी गांव में कोई अधिकारी नहीं गया है। महिला का भी कुछ पता नहीं है कि वह कहां है।