शामली। आयुर्वेद संस्थान के संचालक डॉ. राज तायल ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए आयुष मंत्रालय ने जो गाइड लाइन जारी की है, उसका पालन करने से कोरोना से लोग बचाव कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अच्छी नींद लेना और पौष्टिक भोजन करना चाहिए। नींद लेने से शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। इसके अलावा रात को दूध में हल्दी डालकर पीना चाहिए। अजवायन, पुदीने के पत्ते डालकर गर्म पानी की भाप लेना भी स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है। सोंठ, काली मिर्च, दालचीनी व तुलसी का पाउडर बना लें। आधा चम्मच पाउडर को एक कप पानी में मिलाकर उसका काढ़ा बनाकर पीने से कोरोना संक्रमण से बचा जा सकता है। आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. तायल का कहना है कि कोरोना संक्रमण काल में सभी को जरूरी एहतियात जैसे फेस मास्क लगाना, सोशल डिस्टेंस का पालन करना आदि बरतने की आवश्यकता है।