कैराना। गांव नंगलाराई में शनिवार रात बदमाशों ने बंद मकान में घुसकर सोने चांदी के जेवर, कपड़े और बर्तन चोरी कर लिए। पड़ोसियों ने मकान के अंदर कमरे का गेट खुला देख सूचना दी। मकान मालिक के मामा को सूचना दी गई। मकान मालिक के मामा ने पुलिस को सूचना दी।
गांव नंगलाराई निवासी शौकीन परिवार सहित नेपाल बॉर्डर के पास कोसी नदी के किनारे प्लेज की फसल लगाने के लिए गया हुआ है। शनिवार रात को चोर मकान की दीवार फांदकर अंदर घुस गए । एक कमरे के लोहे के गेट का कुंडा तोड़ दिया। बदमाशों ने कमरे के अंदर रखी अलमारी से सोने चांदी के जेवर, बर्तन व कपड़े चोरी कर लिए। सुबह के समय पड़ोसियों ने देखा कि मकान के अंदर के कमरे का गेट खुला हुआ है। इसके बाद गांव में ही रहने वाले शौकीन के मामा इसरार को सूचना दी।
सूचना पर इसरार मौके पर पहुंचा। इसरार ने बताया कि अलमारी से सोने चांदी के जेवर, कपड़े और बर्तन चोरी किए गए हैं। इसरार ने फोन पर अपने भांजे शौकीन को चोरी होने की सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची और जानकारी ली। मामले में अभी तक तहरीर नहीं दी गई है।