शामली कलेक्ट्रेट सभागार में शिकायत सुनती राज्य महिला आयोग की सदस्य डा0प्रियंवदा तोमर
- फोटो : SHAMLI
महिला उत्पीड़न के मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण करें
शामली। राज्य महिला आयोग की सदस्या डाक्टर प्रियंवदा तोमर ने अधिकारियों से महिला उत्पीड़न के निस्तारण के मामले में किसी तरह की लापरवाही न करने और उनका प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान महिला उत्पीड़न संबंधी दस मामलों की सुनवाई की गई।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में महिला उत्पीड़न की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाए जाने के उद्देश्य से राज्य महिला आयोग की सदस्या डाक्टर प्रियवंदा तोमर ने बैठक लेकर जनसुनवाई की। इस अवसर पर डाक्टर प्रियंवदा तोमर ने महिलाओं के उत्पीड़न से संबंधित प्रकरणों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने महिला संबंधी प्रकरणों के निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न से संबंधित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। महिला जनसुनवाई के दौरान राज्य महिला आयोग की सदस्य के समक्ष महिला उत्पीड़न से संबंधित 10 प्रकरण आए, जिनका निस्तारण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। इस अवसर पर अपर जिला अधिकारी अरविंद कुमार सिंह, उपजिला अधिकारी सुरजीत सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रसून राय, महिला थाना प्रभारी नीरज और आशा ज्योति केंद्र की प्रियंका शर्मा आदि मौजूद रहे।
अभ्यर्थियों का साक्षात्कार हुआ
शामली। एक जनपद एक उत्पाद योजना के अंतर्गत 10 अभ्यर्थी और मुख्यमंत्री रोजगार योजना के अंतर्गत 60 अभ्यर्थियों ने बैंकों से ऋण लेकर उद्योग लगाने हेतु साक्षात्कार दिया। बुधवार को जिला अधिकारी अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में साक्षात्कार कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर उपायुक्त परमहंस मौर्य, शैलेश कुमार लीड बैंक मैनेजर, अरुण जैन प्रबंधक इलाहाबाद बैंक, विकास कुमार प्रबंधक कैनरा बैंक, राजेंद्र कुमार सहायक आयुक्त उद्योग उपस्थित रहे।
-