’मास्क लगाकर जो ग्राहक आए उसे सामान दें’
शामली। प. उप्र संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने कहा कि व्यापारियों से कहा कि जो ग्राहक मास्क लगाकर आए उसे ही सामान बेचें। किसी की जरा सी लापरवाही सबको भारी पड़ सकती है।
सोमवार को सीबी गुप्ता कॉलोनी स्थित संगठन के कैंप कार्यालय में ऑनलाइन बैठक हुई। जिसमें घनश्याम दास गर्ग ने कहा कि एक जून से बाजार खुल रहे हैं। इस दौरान सभी व्यापारियों को सतर्कता बरतने की जरूरत है। उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग का सावधानी से पालन करते हुए ‘मास्क नहीं तो सामान नहीं’ फार्मूले पर ही व्यापार करने का आह्वान किया। कोरोना महामारी से प्रदेश में हजारों व्यापारियों की मौत हुई है। जिससे उनके परिजनों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उधर बाजार खुलते ही व्यापारियों के सामने उन्हें बिजली के बिल, कर्मचारियों का वेतन, दुकानों के किराए और जीएसटी आदि जमा करने का दबाव शुरू हो गया है। यह केवल आर्थिक राहत पैकेज की घोषणा कर हल हो सकता है। उन्होंने प्रदेश के सभी जिलों के व्यापारियों को आह्वान करते हुए कहा कि सीएम योगी को ई-मेल द्वारा ज्ञापन भेजें। ताकि शीघ्र ही सरकार आर्थिक राहत पैकेज की घोषणा करे। ऑनलाइन बैठक में शामली, बिजनौर, गाजियाबाद मुजफ्फरनगर, आगरा, मथुरा, बदायूं, पीलीभीत, रामपुर, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अमरोहा, संभल आदि जिलों के व्यापारी मौजूद रहे।