कैराना। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में शिक्षा मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्राओं ने मार्शल आर्ट का भी शानदार प्रदर्शन किया।
शुक्रवार को कस्बे के बाजार बेगमपुरा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में शिक्षा मेले का आयोजन किया गया। सरस्वती वंदना से कार्यक्रम की शुरूआत हुई।
इसके बाद विद्यालय में मार्शल आर्ट, वाद विवाद प्रतियोगिता, कविता पाठ आदि के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। मुख्य अतिथि सीओ कैराना भूषण वर्मा ने कहा है कि शिक्षित होने के बाद छात्राएं डाक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक आदि बनकर क्षेत्र और माता-पिता का नाम रोशन करें। पालिकाध्यक्ष हाजी राशिद अली ने कहा है कि बालिकाओं को शिक्षा के साथ-साथ आत्मरक्षा के गुर भी सीखने चाहिएं।
मार्शल आर्ट आदि प्रतियोगिताओं को स्कूल-कॉलेजों में समय-समय पर आयोजन होना चाहिए। इस मौके पर वार्डन रेनू गुप्ता, संगीता रानी, रेनू देशवाल, कामना गोयल, संगीता, फातिमा, परवेज आदि मौजूद रहे।
मेंढक दौड़ में छवि अव्वल
शामली। लांसर्स पब्लिक स्कूल सिक्का में चल रहे तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन वॉलीबाल, कबड्डी, दौड़, खो खो आदि प्रतियोगिता आयोजित की गई। स्कूल के कक्षा-9 से 12 तक के बच्चों ने प्रतिभाग किया। वॉलीबाल में कक्षा 9 के छात्रों ने कक्षा 12 के छात्रों को पराजित किया। खो-खो में कक्षा-11 व 12 की छात्राओं ने 9 व 10 की छात्राओं को हरा डाला।
वहीं, जूनियर व प्राइमरी कक्षाओं की मेंढक दौड़ कराई। जिसमें छवि ने पहला व इकरा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। कबड्डी में कक्षा-9 ने 10 को व कक्षा-12 ने 11 को हराकर फाइनल में जगह बनाई। इस दौरान प्रबंधक नरेंद्र कुमार, लोकेंद्र राणा, अमित कुमार, खेल प्रशिक्षक योगेंद्र सिंह, सतीश कुमार, प्रीति, शिखा चौधरी मौजूद रहे।