गढ़ीपुख्ता में सर्व हितकारी कन्या इंटर कॉलेज में मिड-डे मील की रोटी व सब्जी।
- फोटो : SHAMLI
छात्राओं ने मिड-डे मील खाने से किया इंकार
गढ़ीपुख्ता (शामली)। सर्वहितकारी कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने मिड-डे मील खाने से इंकार कर दिया। छात्राओं ने कहा कि मिड डे मील की घटिया क्वालिटी होने के कारण उनकी सेहत पर असर पड़ रहा है।
इस कॉलेज की छात्राओं ने मिड-डे मील में रोटी और सब्जी की गुणवत्ता युक्त न होने पर लेने से इंकार कर दिया। छात्राओं का कहना है कि रोटियों से दुर्गंध सी आती है। सब्जी की क्वालिटी ठीक नहीं है। छात्राओं के मिड-डे मील खाने से मना करने पर प्रधानाचार्य उर्मिला शर्मा ने प्रबंधक समिति के सदस्यों को जानकारी दी। प्रबंधक नरेश सैनी और उप प्रबंधक नीरज जैन ने खाने की जांच की तो रोटियां कच्ची और सब्जी भी ठीक नहीं पाई। प्रबंधक ने इस मामले की शिकायत एसडीएम ऊन से फोन पर की। एसडीएम गौरव सिंह ने मिड-डे मील की जांच कराने और मिडे-डे मील का वितरण करने वाली संस्था सघन क्षेत्र सेवा समिति संभल के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल नरेश मलिक ने कॉलेज में पहुंचकर जानकारी ली। अंशिका तनु, रोजा, शालू ,नेहा, वंशिका ,किरण, मंजू ,सोनिया आदि छात्राओं ने कहा कि मिड-डे मील खाने योग्य नहीं है। विद्यालय प्रबंधक समिति एवं प्रधानाचार्य ने छात्राओं को शांत किया। प्रबंधक नरेश सैनी ने बताया कि मिड-डे मील खाने योग्य नहीं है। उप प्रबंधक नीरज जैन का कहना है कि ऐसा घटिया मिड-डे मील खाने से छात्राएं बीमार हो सकती हैं। उच्च गुणवत्ता युक्त भोजन दिया जाना चाहिए। प्रधानाचार्य उर्मिला शर्मा ने बताया कि छात्राओं के खाने से इंकार करने पर इसकी शिकायत प्रबंधक को दी गई। प्रबंधक भी मिड-डे मील वितरण करने वाले रिंकू और संजीव से लगातार शिकायत करते रहे, जिस पर वे अगले दिन अच्छा खाना लाने की बात कहकर चले जाते हैं। प्रबंधक नरेश सैनी ने बताया कि बृहस्पतिवार को किसी भी छात्रा ने मिड-डे मील नहीं खाया है। एसडीएम ने कार्रवाई करने और गुणवत्तायुक्त मिड-डे मील का वितरण कराने का आश्वासन दिया है। जवाहरलाल नेहरू इंटर कालेज में भी इसी संस्था द्वारा मिड-डे मील का वितरण किया गया। इस कालेज के प्रधानाचार्य पप्पू वोकडिया ने बताया कि मिड-डे मील की गुणवत्ता सही नहीं है, जिसकी कई बार शिकायत की जा चुकी है।