शामली। अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए गेटमैनों ने रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत और जिला पंचायत अध्यक्ष पति सहित अन्य नेता भी गेटमैनों के समर्थन में पहुंचे और अधिकारियों को अपना रवैया ठीक करने की नसीहत दी।
सोमवार शाम करीब पांच बजे समस्त गेटमैन इकट्ठा होकर शामली रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने बताया कि गैंगमैन/गेटमैनों को परेशान करने की नीयत से दूर के स्टेशनों पर ड्यूटी लगाई जा रही है। गैंगमैनों से अपना घरेलू कार्य कराया जाता है। गेटमैनों के साथ पक्षपात पूर्ण रवैया रखा जाता है तथा मनमानी करते हुए गेटमैनों के खिलाफ चार्जशीट जारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि गेटमैन प्रविंद्र कुमार ने अप्रैल माह में बीए (प्राइवेट) परीक्षा देने के लिए सेक्शन इंजीनियर को प्रार्थना पत्र देकर अवकाश मांगा था, तो उसे अन्य कर्मचारियों के सामने भला बुरा कहकर प्रताड़ित किया। इसका विरोध करने पर प्रविंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया।
इसी दौरान भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत, जिला पंचायत अध्यक्ष पति प्रसन्न चौधरी और जिला पंचायत सदस्य मास्टर जाहिद ने सहायक मंडल अभियंता राकेश शर्मा से कहा कि गेटमैनों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि अधिकारियों ने अपने व्यवहार में बदलाव नहीं किया और गैंगमैनों का उत्पीड़न बंद नहीं किया गया, तो आंदोलन झेलने को तैयार रहें।
सहायक मंडल अभियंता ने मामले में जांच कराने का आश्वासन दिया है। योगेंद्र सिंह, सुदेश निर्वाल, अंकित मलिक , पीयूष कुमार, रामनाथ, विकास शर्मा, सचिन, शुभम, अंकुर कुमार, गौरव आदि मौजूद रहे।