तीन करोड़ से बनेगा कूड़ा निस्तारण प्लांट
शामली, कैराना। नगर पालिका के पास कूड़ा निस्तारण की समस्या है। इस समस्या के समाधान के लिए स्वच्छ भारत मिशन के तहत 60 बीघा जमीन पर आधुनिक कूड़ा निस्तारण प्लांट बनाने के लिए तीन करोड़ रुपये जारी हुए हैं। आधुनिक प्लांट से पहले कस्बे का कूड़ा एमआरएफ सेंटर पर इकट्ठा करके अलग-अलग किया जाएगा। इसके लिए सेंटर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में चल रहा है।
नगरपालिका चेयरमैन हाजी अनवर हसन ने बताया कि करीब दो साल पहले नगर पालिका ने 88 लाख की कीमत में पानीपत बाईपास के निकट 20 बीघा जमीन खरीदी थी। जिसमें डंपिंग ग्राउंड बनाया गया है। जहां कस्बे का कूड़ा डंपिंग ग्राउंड में इकट्ठा किया जा रहा है। इसके अलावा मोहल्ला अफगानान में नगर पालिका द्वारा 33 लाख की लागत से एमआरएफ सेंटर के निर्माण का कार्य भी अंतिम चरण में है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत चार माह पहले शासन ने 60 बीघा जमीन पर आधुनिक कूड़ा निस्तारण प्लांट लगाने के लिए तीन करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। नगर पालिका द्वारा खरीदे गए कूड़ा उठाने के 15 वाहनों से कूड़ा एमआरएफ सेंटर पर पहुंचाया जाएगा। यहां पर गीला, बारीक व मोटा कूड़ा अलग-अलग किया जाएगा। आधुनिक कूड़ा निस्तारण प्लांट बनने के बाद एमआरएफ सेंटर से कूड़ा प्लांट में पहुंचाया जाएगा, जहां पर आधुनिक मशीनों से कूड़े का निस्तारण कर दिया जाएगा।
शासन के इंजीनियर ही बनाएंगे कूड़ा निस्तारण प्लांट
कैराना। नगर पालिका के कार्यालय अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि दो साल पहले पालिका ने पानीपत बाईपास पर 20 बीघा जमीन 88 लाख में खरीदी थी। इसके पास ही 40 बीघा जमीन और खरीदी जाएगी। 60 बीघा जमीन पर तीन करोड़ की लागत में कूड़ा निस्तारण प्लांट बनाया जाएगा। विशेषज्ञ डीपीआर बनाकर शासन को भेजेंगे, जिसके बाद काम शुरू होगा।
डंपिंग ग्राउंड में लग रहा कूड़े का ढेर
कैराना। नगरपालिका क्षेत्र से रोजाना निकलने वाले कूड़े का अभी निस्तारण नहीं हो रहा है। जगह-जगह इकट्ठा होने वाला कूड़ा वाहनों से भरकर डंपिंग ग्राउंड में ले जाया जाता है। वहां पर कूड़े के ऊंचे ढेर लगे हैं। प्लांट लगने के बाद ही शहर की कूड़ा निस्तारण की समस्या का समाधान संभव है।