शामली गन्ना तौल केन्द्र का निरीक्षण करते जिला गन्ना अधिकारी ।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में चीनी मिलों की घटतौली रोकने के लिए टीम ने शामली, थानाभवन, तितावी चीनी मिलों के खरीद केंद्रो पर छापा मारा। छापेमारी मे थानाभवन-तितावी चीनी मिल के तीन खरीद केंद्रो पर घटतौली पाई गई। शामली का लिसाढ़ और खतौली चीनी मिल का खेड़ामस्तान के खरीद केद्र बंद पाए गए।
जिला गन्ना अधिकारी डाक्टर अनिल कुमार भारती ने बताया कि चीनी मिलों की गन्ना घटतौली रोकने के लिए टीम ने शामली चीनी मिलके क्रयकेंद्र मिलगेट ट्रक, मिलगेट बोगी कांटा एक व दो, मिलगेट ट्राली कांटा एक व दो एवं काबडौत/बुटराडी तौल कांटे का औचक निरीक्षण किया चीनी मिल, तितावी मिल के क्रयकेंद्र खरड चतुर्थ, चीनी मिल खतौली के क्रयकेन्द्र लिसाढ़ चतुर्थ, भैसाना चीनी मिल के क्रयकेन्द्र खरड प्रथम एवं चीनी मिल थानाभवन के क्रयकेन्द्र लिसाढ़ प्रथम एवं लिसाढ़ तृतीय का निरीक्षण किया गया । जिसमें थानाभवन एवं तितावी के क्रय केन्द्रों पर घटतौली पाई गई ।
चीनी मिल तितावी के क्रयकेन्द्र खरड चतुर्थ पर कृषक तेजपाल ग्राम खरड की गन्ना से भरी बोगी का वजन 46.15 क्विंटल पाया गया । जिस पर 1, 3, एवं 5 क्विंटल के मानक बाट रखने पर वजन क्रमश 47.15, 49.15 एवं 51.10 क्विटल आया। चीनी मिल थानाभवन के क्रयकेन्द्र लिसाढ प्रथम पर कृषक राजेन्द्र सिंह लिसाढ की गन्ना से भरी बैलगाडी का वजन 29.92 क्विंटल पाया गया जिस पर पर 1, 3, एवं 5 के मानक बाट रखने पर वजन क्रमश 30.92, 32.86 एवं 34.82 कु0 आया तथा चीनी मिल थानाभवन के क्रयकेन्द्र लिसाढ तृतीय पर कृषक पंकज लिसाढ की खाली बैलगाडी का वजन 10.52 क्विंटल पाया गया। जिस पर 1, 3, एवं 5 कुंतल के मानक बाट रखने पर वजन क्रमशः 10.54, 13.56 एवं 15.46 कुंतल आया।
उक्त तीनों क्रयकेन्द्रों पर घटतौली पाई गई तथा तीनों क्रयकेन्द्रों के तौललिपिकों पर कार्रवाई करने हेतु गन्ना निरीक्षक एवं सहायक चीनी आयुक्त, शामली को भेज दिया गया हैं। चीनी मिल शामली का क्रयकेन्द्र लिसाढ पंचम एवं चीनी मिल खतौली का क्रयकेन्द्र खेडामस्तान बन्द पाया गया ।