ढाबों पर लूटपाट करने वाले गैंग का खुलासा, तीन गिरफ्तार
शामली। झिंझाना थानाक्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे पर एक सप्ताह पहले दो दिन में दो ढाबों पर लूट की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुठभेड़ में ढाबा संचालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे, लूट की रकम, मोबाइल फोन, बाइक और डंडा बरामद किया है।
रविवार को पुलिस लाइन सभागार में एसपी नित्यानंद राय ने पत्रकारों को बताया कि शनिवार देर रात को केरटू-ओदरी मार्ग पर मुर्गी फार्म के निकट झिंझाना पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों के नाम फारूख, सावेज और शोएब, निवासी गांव ओदरी थाना झिंझाना है। तीनों बदमाशों ने गांव टपराना में दो नवंबर की रात को खालसा पंजाबी ढाबा और इससे अगले दिन अहमदगढ़ के निकट नालागढ़ पंजाबी ढाबा पर लूट की घटनाओं को अंजाम दिया। उनके कब्जे से लूटे गए चारों मोबाइल , लूटी गई रकम में 4030 रुपये, लूटा गया गल्ला, लूट में इस्तेमाल बाइक व डंडा, दो तमंचे, तीन कारतूस व दो खोखा बरामद किए गए हैं। एसपी ने बताया कि फारूख एक अन्य ढाबे का संचालक है, जिसने अपने दोनों साथियों के साथ मिलकर दोनों घटनाओं को अंजाम दिया था। दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए थाना झिंझाना, एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया था। प्रेसवार्ता में एएसपी राजेश श्रीवास्तव, सीओ कैराना जितेंद्र कुमार, आरआई हरमीत सिंह आदि मौजूद रहे।
ढाबे का खर्च न निकलने पर की लूट की वारदातें
शामली। एसपी नित्यानंद राय ने बताया कि इस गैंग का सरगना और मास्टमाइंड फारूख है। फारूख ने हाईवे पर गुज्जरपुर के निकट एक अन्य ढाबा करीब 12 हजार रुपये प्रति माह किराये पर लिया था। एसपी के मुताबिक ढाबे का खर्च न निकल पाने की वजह से उसने लूट करने की योजना बनाई। उसने अपने गांव के दो साथियों शावेज व शोएब को शामिल कर लिया। सीओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि दो नवंबर की रात को उन्होंने टपराना के निकट खालसा पंजाबी ढाबा पर कर्मचारियों को बंधक बनाकर तीन मोबाइल, करीब साढ़े सात हजार रुपये गल्ला समेत लूट लिया था। इसके अगले दिन इस ढाबे से करीब आठ किलोमीटर दूर अहमदगढ़ के निकट नालागढ़ पंजाबी ढाबे पर इसी तरह वारदात कर करीब पांच हजार रुपये और एक मोबाइल लूट लिया था। पकड़े गए बदमाशों के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।
सर्विलांस के सहारे बदमाशों तक पहुंची पुलिस
शामली। ढाबों पर लूटपाट करने वाले बदमाश नौसिखिए निकले। पुलिस पूछताछ में उन्होंने इनसे पहले कोई आपराधिक घटना करना नहीं बताया। इन दोनों घटनाओं में मोबाइल लूटकर ले जाने से पुलिस की राह आसान हो गई। सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस बदमाशों तक पहुंचने में कामयाब हुई।