शामली में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम धरातल पर कितना चल रहा है, बुधवार को डॉक्टरों द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में इसकी पोल खुल गई। दौरे पर गई टीम ने इसकी रिपोर्ट सीएमओ को सौंपी है।
बुधवार को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) में लगीं कैराना की टीमों का निरीक्षण किया गया। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की दो सदस्यीय टीम, जिसमें नेत्र सर्जन डॉ. वीपी सिंह और डिप्टी सीएमओ डॉ. नेतराम कैराना अस्पताल में करीब 11.40 बजे पहुंचे। टीम ने वहां पर चिकित्साधीक्षक डॉ. सलीम से मुलाकात की और आरबीएसके टीमों की लोकेशन की जानकारी ली।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता फील्ड में न होकर कैराना अस्पताल में बैठी मिली, जबकि दूसरी टीम डॉ. सलीम ने एरटी में बताई थी। दोनों डाक्टरों की टीम गांव एरटी में पहुंची और वहां पर तीनों प्राइमरी और जूनियर स्कूलों में टीम को तलाश किया। प्रधानाध्यापक राजपाल शर्मा से बात की, लेकिन उन्होंने भी टीम के नहीं आने की बात कही।
उसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम जिला मुख्यालय लौट आई। मामले में नेत्र सर्जन डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि इस प्रकरण में दोनों टीमों की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित की जाएगी, ताकि उन पर कार्रवाई की जा सके।