पेट्रोल पंप पर कैश लूट का खुलासा न होने से रोष
आदर्श मंडी क्षेत्र में एक माह पहले हुई थी पंप पर लूट की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में करीब एक माह पहले हुई डेढ़ लाख रुपये की लूट का खुलासा न होने पर पंप संचालक ने रोष जताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से घटना का जल्द खुलासा कराने की मांग की है।
आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में सहारनपुर हाईवे पर स्थित वैदेही पेट्रोल पंप पर पिछले महीने 10 जुलाई की दोपहर करीब ढाई बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने डेढ़ लाख रुपये की लूट की थी। बदमाशों ने सेल्समैनों को गन प्वाइंट पर लेकर सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी निकालकर ले गए थे। बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर सेल्समैन पर गोली चला दी थी, जिसमें वह बाल-बाल बच गया था और गोली दीवार में जा लगी थी। घटना की रिपोर्ट आदर्श मंडी थाने पर दर्ज कराई थी। पंप के संचालक मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीपाल गोयल ने बताया कि पंप लूट का खुलासा न होने पर पंपकर्मियों में दहशत का माहौल है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर घटना का जल्द खुलासा कराने की मांग की है। इस संबंध में सीओ सिटी जितेंद्र कुमार का कहना है कि बदमाशों की तलाश में टीमें लगी हुई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।