थानाभवन। शुगर मिल में गन्ना ले जाने वाले ओवरलोड ट्रालों द्वारा नौजल और रसीदगढ़ गांव में विद्युत लाइन तोड़ने से ट्रांसफार्मर फुंक गया। जिसे लेकर ग्रामीणों ने हंगामा कर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ओवरलोड ट्रालों का संचालन होने पर कार्रवाई करने की बात कही। तब जाकर जाम खोला जा सका।
थानाभवन बजाज शुगर मिल पर गन्ना लेकर जा रहे ओवरलोड ट्राली से गांव नौजल व रसीदगढ में विद्युत तार टूट गई। जिससे स्पार्किंग होने पर ट्रांसफार्मर भी फुंक गया। घटना को लेकर गांव में रोष फैल गया। जिस पर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच शुगर मिल को जा रहे गन्ने से ओवरलोड ट्रालों को रोक कर जाम लगा दिया।
ग्रामीणों का आरोप था कि ट्रॉले ओवरलोड गन्ना भरकर गांव के संकरे मार्गों से होकर निकलते हैं। जिसके चलते मार्गों के बीच में कई बार तार टूटने व दुर्घटनाओं को लेकर ग्रामीणों ने विरोध करते हुए उच्चाधिकारियों से कार्रवाई की मांग की थी। परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उधर, जाम की सूचना पर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी नरेश कुमार सिंह ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया तथा ट्राले को ले थाने ले आए। वहां पर दोनों पक्षों में वार्ता के बाद समझौता करा दिया गया तथा दोबारा ओवरलोड ट्राला मिलने पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद गन्ने से लदा ट्रोला भी छोड़ दिया गया।