शामली। पूर्वी यमुना नहर के किनारे भैंसवाल और बधेव के जंगल में डीएम आवास काॅलोनी का अधूरा कार्य पूरा करने के लिए एक करोड़ 46 लाख रुपये शासन ने अवमुक्त करने का आदेश जारी हुआ है।
पूर्वी यमुना नहर के किनारे भैंसवाल और बधेव गांव के जंगल में डीएम आवास काॅलोनी के लिए भूमि आरक्षित की गई है। 17 करोड़ रुपये की लागत से डीएम आवास काॅलोनी में राजकीय निर्माण निगम डीएम आवास समेत 36 आवासों में टाइप दो के चार, टाइप तीन के आठ, टाइप एक के 24 आवास भवनों, चाहरदीवारी, पानी की टंकी निर्माण करके जिला प्रशासन को सौंप चुके हैं। राजकीय निर्माण निगम के सहायक अभियंता पुष्पेंद्र कुमार का कहना है कि अधूरे आवासों और सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ 46 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त की गई है। हालांकि शासनादेश निगम को नहीं मिला है। शासनादेश आने के बाद इसी माह निगम का सहारनपुर का ठेकेदार आवास कालोनी का अधूरा निर्माण शुरू करेगा।