शामली। डीएम ने कहा कि मतगणना में पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी। मतगणना में लगे रिटर्निंग आफिसर और अन्य कर्मचारी अपनी सत्यनिष्ठा को ध्यान में रखते हुए निष्पक्षता से मतगणना कराएंगे। साथ ही शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम रखे जाएंगे।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में रिटर्निंग अधिकारी और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को मतगणना का प्रशिक्षण दिया गया। डीएम ने कहा कि मतगणना का कार्य बेहद गंभीर होता है, उसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
अध्यक्ष और सदस्य पद के मतपत्रों की अलग अलग पेटियां हैं, जिससे मतपत्रों की गिनती में भी आसानी रहेगी। राउंडवार मतपेटियों को स्ट्रांग रूम से मतगणना स्थल पर लाकर मतपत्रों की गिनती होगी। मतपत्रों की गिनती सही ढंग से होगी, तो किसी तरह का विवाद नहीं होगा। साथ ही उन्होंने बताया कि 29 नवंबर को मतगणना अभिकर्ता (एजेंट) बनाने का कार्य किया जाएगा। इस दौरान एडीएम शिव बहादुर सिंह, एसडीएम सुरजीत सिंह, एसडीएम ऊन दुष्यंत कुमार मौर्य सहित सभी रिटर्निंग अधिकारी और सहायक रिटर्निंग अधिकारी मौजूद रहे।
उधर, शामली नगर पालिका परिषद शामली, नगर पंचायत बनत, एलम, थानाभवन और जलालाबाद की मतगणना शामली स्थित कृषि मंडी में होगी। सोमवार को जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह, अपर जिलाधिकारी शिव बहादुर सिंह और एसडीएम सुरजीत सिंह ने मतगणना स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। डीएम ने कहा कि जिस चबूतरे पर मतगणना होनी है, उसके चारों तरफ जाल अच्छी तरह बंधवा दिए जाएं। टेबिल की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, ताकि वहां मतपेटियां लाने-ले जाने में कोई दिक्कत न हो।