- युवक की मां ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
गढ़ीपुख्ता। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दुकानदार युवक ने अनैतिक संबंधों के शक में पिटाई करने से क्षुब्ध होकर आत्महत्या की थी।। मृतक की मां ने गढ़ीपुख्ता थाने पर आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
महिला ने थाने में दी तहरीर में बताया कि एक जून को उसका पुत्र गांव में ही अपनी किराना की दुकान पर था। उसी दौरान गांव का एक व्यक्ति दुकान पर आया और अपनी पत्नी के साथ उसके अनैतिक संबंध के शक में मारपीट की थी। इसके बाद आरोपी वहां से अपनी पत्नी को ले गया था।
इस घटना से क्षुब्ध होकर दुकानदार ने उसी दिन दोपहर में ज़हर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे चिकित्सक के यहां ले जाया गया, जहां से उसे गंगोह हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि उसी दिन देर शाम को परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पीड़िता का कहना है कि मृतक के भाई-बहन अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके और पूरे मामले की उन्हें जानकारी भी बाद में मिली। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर लिया।