शामली। पंजाब की होशियारपुर जेल में बंद बाउ गिल के हथियार तस्करी नेटवर्क की जांच में पुलिस को चौंकाने वाली जानकारी मिली है। गिरोह में हथियारों की डिलीवरी के लिए बॉक्स, इनबॉक्स, सनेक्स और टोनेक्स जैसे कोडवर्ड इस्तेमाल किए जा रहे थे। बाउ गिल जेल में बैठकर इंस्टाग्राम, फेसबुक और इंटरनेट कॉल के जरिये गिरोह का संचालन कर रहा है। पुलिस के अनुसार पुर्तगाल के अवीरो, बेजा, ब्रागा और ब्रागांका में रहने वाले कुछ लोग गिरोह के संपर्क में हैं। पाकिस्तान में खुद को आईएसआई एजेंट बताने वाला व्यक्ति हथियारों को अलग-अलग स्थानों तक पहुंचाने के निर्देश देता है।
बाउगिल ने सोशल मीडिया पर अपने अलावा अलग-अलग नामों से आईडी बना रखी हैं। इनके जरिये वह पश्चिमी यूपी और पंजाब के युवाओं को गिरोह में जोड़ रहा है। जांच में मेरठ के एक व्यक्ति की भूमिका भी सामने आई है, जो मेरठ परिक्षेत्र के युवाओं को गिरोह से जोड़ रहा था। रुपये की जरूरत वाले युवाओं को सोशल मीडिया के जरिये संपर्क में लेकर हथियार और नशे की तस्करी कराई जा रही है।
गिरोह के कोड वर्ड का मतलब
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार बॉक्स का मतलब हथियार तैयार होने और उन्हें उठाने का संदेश था। इनबॉक्स का मतलब हथियार मेरठ या पंजाब में पहुंचाना था। सनेक्स में हथियार पेड़ के पीछे रखने और टोनेक्स मतलब हथियार रखने के बाद पीछे मुड़कर नहीं देखने का संकेत दिया जाता है
जेलों में बंद गैंगस्टरों से संपर्क की जांच शुरू
एसपी के अनुसार यह भी जांच की जा रही है कि बाउगिल के अलावा पंजाब की अन्य जेलों में बंद गैंगस्टरों के संपर्क में विदेश में बैठे गिरोह के सदस्य तो नहीं हैं। पुलिस ने इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और फेसबुक से भी गिरोह के सदस्यों से संबंधित जानकारी मांगी है। पुलिस की जांच का दायरा बढ़ने के साथ गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की उम्मीद है।
ये है मामला
करनाल हाईवे पर चेकिंग के दौरान मंगलवार को झिंझाना पुलिस ने लुधियाना निवासी विनय कुमार और राजेश को गिरफ्तार किया था। दोनों के कब्जे से तीन पिस्टल, एक रिवॉल्वर, छह तमंचे और 12 कारतूस बरामद हुए थे। पूछताछ में दोनों के राजेश गंजा गैंग से जुड़े होने की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना बाउगिल होशियारपुर जेल में बंद है और वहीं से गिरोह संचालित कर रहा था।
बाउ गिल और उसके साथी देशभर में हथियार और नशे की तस्करी करा रहे हैं। गिरोह के सदस्यों के संबंध में अहम सुराग मिले हैं। गिरोह का विदेशी और पाकिस्तानी कनेक्शन मिला है। जल्द ही अन्य सदस्यों को गिरफ्तार किया जाएगा। पंजाब पुलिस से भी सहयोग मांगा गया है। - नरेंद्र प्रताप सिंह, एसपी शामली