फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: किसान दिवस में छाया गोहरनी किसान की आत्महत्या के प्रयास का मामला

Thu, 20 Aug 2026 12:32 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शामली
विज्ञापन
किसान दिवस में बोलते किसान। सूचना विभाग
विज्ञापन
शामली। विकास भवन में बुधवार को आयोजित किसान दिवस में गोहरनी गांव के किसान आदित्य के आत्महत्या के प्रयास का मामला छाया रहा। किसानों ने आरोपी राजस्व निरीक्षक को हटाने के साथ उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसडीएम सदर को मौके पर बुलाकर किसानों के सामने मामले में हुई कार्रवाई की जानकारी देने की मांग भी उठी। इसके अलावा लंपी बीमारी, फर्जी टीकाकरण, बिना अनुमति सीमन की बिक्री और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की समस्याओं पर किसानों ने अधिकारियों को घेरा।
विज्ञापन

सीडीओ बृजेंद्र कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में हुई बैठक में भाकियू नेता कपिल खाटियान, ऋषिपाल कुड़ाना और ईश्वर फौजी समेत किसानों ने गोहरनी के किसान आदित्य का मामला उठाया। किसानों ने आरोप लगाया कि राजस्व निरीक्षक ने किसान को प्रताड़ित किया। उन्होंने लंबे समय से तैनात राजस्व निरीक्षक को हटाकर कार्रवाई की मांग की। एसडीएम सदर के काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंचने पर किसानों ने सीडीओ से जानकारी मांगी। सीडीओ ने बताया कि आरोपी राजस्व निरीक्षक को हटा दिया गया है। किसानों ने कार्रवाई न होने पर डीएम कार्यालय पर धरना देने की चेतावनी दी।

गोहरपुर के किसान संजीव राठी, भाकियू नेता कपिल खाटियान और कुलदीप पंवार ने जिले में लंपी बीमारी फैलने का मामला उठाया। किसानों ने आरोप लगाया कि टीकाकरण के आंकड़े प्रस्तुत किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति अलग है। किसानों ने ऊन तहसील के मन्नूगढ़ गांव में फर्जी सीमन की बिक्री का मामला भी उठाया। किसानों ने बताया कि तीन साल से किसान दिवस में शिकायत की जा रही है।
विज्ञापन

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे किसान संघर्ष समिति के सचिव विदेश मलिक ने अंडरपास में पानी भरने, वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था नहीं होने और बलवा-सदर क्षेत्र में पुलों का निर्माण लंबित होने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन का निर्माण नहीं कराया गया और मामला डीएम की अध्यक्षता वाले आर्बिट्रेशन में भेजकर लटका दिया। उन्होंने एनएचएआई के परियोजना अधिकारी को नोटिस देने की मांग की। इस दौरान विकास भवन पहुंचे एनएचएआई अधिकारी को किसानों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। जिला पंचायत सदस्य उमेश पंवार ने गोहरनी नाले की सफाई के बाद निकले कूड़े को नहीं उठाने का मामला उठाया। सुनील पंवार ने बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों में किसानों के प्रवेश पर रोक लगाने के आदेश का विरोध किया। उन्होंने नाला गांव के स्कूल की भूमि को सौंदर्यीकरण के नाम पर आवंटित किए जाने का आरोप लगाया।

किसान दिवस में अधिकारियों की गैरहाजिरी पर सवाल
नाला गांव के किसान सुनील पंवार समेत किसानों ने कहा कि किसान दिवस में डीएम, एआरटीओ, बीएसए, एसडीएम, एनएचएआई, सीएमओ और डीआईओएस समेत कई अधिकारी नहीं पहुंचते। उन्होंने अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और गैरहाजिर रहने वालों का एक दिन का वेतन काटने की मांग की।
ये रहे मौजूद
सीडीओ बृजेंद्र कुमार शुक्ला, उपनिदेशक कृषि प्रमोद कुमार, जिला कृषि अधिकारी प्रदीप कुमार, डीसीओ रणजीत कुशवाहा और एआर कोऑपरेटिव धर्मेंद्र कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

किसान दिवस में बोलते किसान। सूचना विभाग

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें