शामली में बृहस्पवितार को छाया कोहरा और सूनी पड़ी सड़क।
- फोटो : SHAMLI
शामली। बुधवार को हुई बारिश के बाद फिर से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। बृहस्पतिवार को चली बर्फीली हवा से लोग बेहाल रहे। सुबह के समय कंपकंपाते हुए बच्चे स्कूल गए । सर्द हवा की वजह से न्यूनतम पारा भी तीन डिग्री गिरकर पांच डिग्री पहुंच गया। हालांकि अधिकतम तापमान में कोई फर्क नहीं पड़ा।
बुधवार को हुई बारिश के बाद बृहस्पतिवार को भी कड़ाके की ठंड रही। सुबह के ही आसमान में बादल छाए थे। हल्की ठंडी हवा चल रही थी जिससे लोग कंपकंपा रहे थे। शहर के भिक्की मोड़ पर कई बच्चे स्कूली वाहन के इंतजार में खड़े थे। कुछ के अभिभावक भी थे। बच्चे स्कूल बैग लिए थे और ठंड की वजह से कंपकंपा रहे थे। वीवी इंटर कालेज रोड पर स्कूल जा रहे बच्चे भी ठंड की वजह से कंपकंपा रहे थे। साइकिल से स्कूल जाने वालों का तो बुरा हाल था। ई-रिक्शा में जाने वाले बच्चे भी ठंड की वजह से सिकुडेे़ हुए से नजर आए।
हालांकि दोपहर करीब सवा 12 बजे धूप निकली तो लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन 15 मिनट बाद ही गायब हो गई। इसके बाद सूरज की लुकी छिपा बनी रही, लेकिन तेज धूप के लिए लोग तरसते रहे। बर्फीली हवा के चलते बृहस्पतिवार को तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान बुधवार की तरह 14 डिग्री रहा, लेकिन न्यूूनतम तापमान तीन डिग्री गिरकर पांच डिग्री पर पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों ने अभी दो तीन दिन और ठंड होने की संभावना जताई है। शामली के आसपास के जनपदों में सर्दी की वजह से स्कूलों में अवकाश रहा था इस वजह से स्थानीय अभिभावक भी इतनी ठंड में अवकाश की मांग कर रहे हैं। ठंड की वजह से बाजार में दुकानों पर भी व्यापारी हीटर जलाकर बैठे थे। कई दुकानदारों ने एयर हीटर लगाए हुए थे। व्यापारियों ने बताया कि बारिश के बाद ठंडी हवा चलने से ज्यादा परेशानी हुई है।
शामली में बृहस्पतिवार सुबह सात बजे सरसों की पत्तियों पर पड़ा पाला।- फोटो : SHAMLI
शामली में माजरा रोड पर बच्ची को कपड़े से लपेट कर बैठी महिला।- फोटो : SHAMLI
सर्दी में साइकिल से स्कूल जातीं छात्राएं।- फोटो : SHAMLI