शामली। महिला चिकित्सक की सहमति के बिना उनके शैक्षिक अभिलेखों के आधार पर धोखे से सीएमओ कार्यालय में पंजीकरण कराने के आरोप में न्यू सिटी केयर सेंटर के संचालक के विरुद्ध धोखाधड़ी और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
नोडल अधिकारी झोलाछाप एसीएमओ डॉ. अनिल कुमार की तरफ से शहर कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि तत्कालीन नोडल अधिकारी एसीएमओ डाॅ. विनोद कुमार ने करीब साढ़े छह महीने पहले 27 अप्रैल को मोहल्ला गुलशननगर शामली में निरीक्षण के समय वाजिद अली न्यू शामली सिटी केयर सेंटर संचालित करते हुए पाए गए थे। निरीक्षण के समय सेंटर पर कोई चिकित्सक मौजूद नहीं थी। संचालक वाजिद अली ने बताया था कि सेंटर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय शामली में पंजीकृत है और चिकित्सक रीवा क्लीनिक छोड़कर चली गई है। निजी हास्पिटल में कार्यरत डाॅ. रीवा बीएएमएस से मौके पर जाकर जानकारी की गई तो उन्हें पता चला कि डाॅ. रीवा के शैक्षिक अभिलेखों के आधार पर उनकी सहमति और उनकी मर्जी के बिना न्यू शामली सिटी केयर सेंटर शामली का पंजीकरण संचालक वाजिद अली ने करा लिया।
एसीएमओ डॉ. अनिल कुमार के मुताबिक वाजिद अली फर्जी तरीके से चिकित्सक के रूप में लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करते हुए अवैध चिकित्सा व्यवसाय कर रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शहर कोतवाली में एसीएमओ की तरफ से वाजिद अली के विरुद्ध धोखाधड़ी और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।