शामली। होम क्रेडिट लोन जमा कराने का झांसा देकर साइबर ठग ने ग्रामीण से एक लाख 96 हजार रुपये ठग लिए। एसपी के आदेश पर साइबर क्राइम थाने पर अज्ञात में मामला दर्ज कर लिया गया है।
कैराना थानाक्षेत्र के गांव मंडावर निवासी उस्मान ने बताया कि उसने होम क्रेडिट लोन ले रखा है। 22 जनवरी की दोपहर करीब एक बजे उसके मोबाइल फोन पर अज्ञात व्यक्ति ने कॉल करके कहा कि वह अपने लोन की रकम नहीं रखना चाहते तो वापस कर दो और उन्होंने एक आईडी दे दी।
पीड़ित के मुताबिक उसने रकम वापस करने के लिए पहली बार में 10 रुपये उसकी बताई गई आईडी होम क्रेडिट में डाल दिए, जो जमा दिखाए गए। इसके बाद उसने 47 हजार रुपये, 50 हजार रुपये और 99 हजार रुपये जमा कर दिए। लेकिन यह रकम जमा नहीं दिखाई गई।
पीड़ित का कहना है जब उसने पूरी जानकारी चाही तो वह मोबाइल नंबर बंद मिला और उसकी रकम हड़प ली। एसपी के आदेश पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गाैरतलब है कि जिले में रोजाना ही साइबर ठगी के मामले हो रहे हैं। एसपी ने सभी को ठगी से बचने के लिए सचेत रहने की सलाह दी है।