शामली। तमाम कोशिशों के बाद भी सड़कों पर ट्रिपल राइडिंग जारी है। नियम कायदों को तोड़कर लोग वाहन दौड़ा रहे हैं। हालत ये है कि लोग एक स्कूटी पर चार-चार लोग बैठकर चल रहे हैं। बच्चों को स्कूटी के पायदान पर बैठा दिया जाता है। अमर उजाला के अभियान के चलते शहर में ट्रैफिक पुलिस ने भी अभियान चलाकर धरपकड़ की, लेकिन इसके बाद भी लोग नहीं मान रहे। अमर उजाला ने बृहस्पतिवार को भी शहर में अभियान चलाकर पड़ताल की। पेश है रिपोर्ट...
बच्चे को पायदान पर ही बैठाकर निकल गए
शहर के फव्वारा चौक पर एक स्कूटी सवार तो चार लोगों को ही लिए जा रहे थे। खुद स्कूटी चला रहे थे। पीछे एक बच्चा और महिला बैठी थी। स्कूटी के पायदान पर भी एक बच्चा बैठा रखा था। नियम कायदे इनके लिए कोई मायने नहीं रखते। आराम से स्कूटी को दौड़ाकर ले जा रहे थे। हालांकि कुछ ही दूर पुलिस पिकेट भी थी, लेकिन उनका भी डर उन्हें नहीं था।
मुजफ्फरनगर रोड पर एक बाइक पर तीन सवार
मुजफ्फरनगर रोड पर ट्रिपल राइडिंग खूब हो रही थी। एक बाइक पर तीन युवक बाइक दौड़ा रहे थे। उन्हें किसी का कोई डर नहीं था। बीच में बैठे युवक ने तो मास्क भी नहीं लगा रखा था। किसी के सिर पर हेलमेट भी नही था। कुछ ही दूर पुलिस चेकपोस्ट थी। जाहिर है कि उन्हें पुलिस की कोई चिंता नहीं थी।
विजय चौक पर बिना हेलमेट चला रहे बाइक
शहर के विजय चौक पर बिना हेलमेट कई लोग ट्रिपल राइडिंग करते नजर आए। एक बाद में तीन युवक दौड़ लगा रहे थे, जबकि पास में ही पुलिसकर्मी भी थे। मगर उनका भी कोई खौफ नहीं था। आसानी से ये बाइक से दौड़ रहे थे हालांकि तीनों ने मास्क लगाए थे, लेकिन यातायात नियमों का उल्लंघन खूब कर रहे थे।
जिले में हुए 73 चालान
पुलिस ने बुधवार को जिले में वाहन चेकिंग के दौरान कुल 73 वाहनों का चालान किया। एक वाहन सीज किया गया है। इसके अलावा एक ट्रिपल राइडिंग करते हुए वाहन का चालान किया है। विभाग ने कुल चालान ने 7600 रुपये जुर्माना वसूल किया जाता है। - भंवर सिंह, यातायात निरीक्षक
शामली मुजफ्फरनगर रोड पर ट्रिपल राइडिंग करते युवक- फोटो : SHAMLI
शामली फव्वारा चौक पर स्कूटी के बीच में बच्चे को बैठाकर ले जाता युवक- फोटो : SHAMLI