कैराना। अब कैराना की जनता को वाहनों में तेल के लिए हरियाणा तक सफर तय नहीं करना पड़ेगा। चुनाव में कई बार पेट्रोल-डीजल मुद्दा बना है, तो वहीं अब कैराना क्षेत्र में बायोफ्यूल कंपनी के एक साथ चार तेल पंपों का संचालन शुरू होने जा रहा है। इससे क्षेत्रवासियों को ही नहीं, बल्कि दूरदराज से आने वाले वाहन स्वामियों को भी राहत मिलेगी।
लाखों की आबादी वाला कस्बा कैराना हरियाणा सीमा से सटा हुआ है। करीब ढाई दशक पहले कैराना में एक पेट्रोल पंप था, लेकिन यूपी और हरियाणा में डीजल-पेट्रोल के दामों में अंतर था। इसलिए वाहन स्वामी सस्ता तेल होने के चलते हरियाणा से खरीदते थे।
यही कारण रहा कि कैराना कस्बे से पेट्रोल पंप बंद हो गया था। सरकार की नई तेल नीति लागू होने पर यूपी-हरियाणा में तेल के दाम एक समान हो गए। इसी के चलते कैराना की जनता को पेट्रोल पंपों की सौगात मिली है।
कैराना नगर में कांधला रोड पर बायोफ्यूल कंपनी का बड़ा तेल पंप खोलने की निर्माण प्रक्रिया चल रही है, जहां पर दो मशीनें स्थापित हो चुकी हैं। इसका लाइसेंस आलम फ्यूल सेंटर के नाम से मोहम्मद जुनैद आलम निवासी मोहल्ला बिसातियान के नाम है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद वाहनों को तेल मिलना शुरू हो जाएगा। बताया जा रहा है कि इस तेल पंप के अलावा नगर में ही एक तेल पंप रामडा रोड, एक भूरा और एक तितरवाड़ा गांव में चालू होने जा रहे हैं। इन तेल पंपों के पास में एक-एक मशीन की अनुमति है। कहा जा रहा है कि तेल पंपों पर एक-दो मशीनें चल भी रही है।
उधर, एसडीएम डॉ. अमित पाल शर्मा ने बताया कि तेल पंपों पर नियमानुसार ही तेल बेचना होगा। यदि नियमों का उल्लंघन किया जाता है, तो फिर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।