शामली। जिले में कोरोना संक्रमित के चार नए केस और मिले हैं, जबकि पूर्व में पॉजिटिव मिले नौ मरीज ठीक हुए हैं।
शुक्रवार को जिले में प्राप्त सैंपलों की जांच रिपोर्ट में गांव लांक निवासी 65 वर्षीय वृद्धा संक्रमित मिली हैं। वृद्धा कुड़ाना पीएचसी में इंजेक्शन लगवाने गई थी। वहां एंटीजन किट से जांच में कोरोना पॉजिटिव मिली। वृद्धा कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा मोहल्ला शांति नगर निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति, कैराना रोड निवासी 20 वर्षीय युवक और बाबरी निवासी 28 वर्षीय युवक के सैंपल की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि जिले में चार नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, जबकि नौ व्यक्ति ठीक हुए हैं। जिले में अब सक्रिय केस की संख्या 77 हो गई है।
उधर, कैराना में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सीएचसी व कस्बे के प्राइवेट अस्पतालों पर 119 लोगों के सैंपल लिए। ब्लाक सैंपलिंग नोडल अधिकारी अतुल गर्ग ने बताया कि इस दौरान 74 लोगों की एंटीजन किट द्वारा कोरोना जांच की गई। सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई। इसके अलावा 45 लोगों की आरटीपीसीआर से सैंपल लेकर जांच के लैब में भेजे गए है।
गढ़ीपुख्ता में 180 लोगों के सैंपल लिए
गढ़ीपुख्ता। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पटाखा फैक्टरी में काम करने वाले श्रमिकों, मेडिकल स्टोर संचालक, लैब संचालक, प्राइवेट अस्पताल पर पहुंचकर लोगों के सैंपल लिए। स्वास्थ्य टीम में शामिल डॉ. अशोक सैनी ने बताया कि आरटीपीसी किट से 90 व एंटीजन के 90 सैंपल लिए गए। एंटीजन की जांच में सभी 90 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई। सैंपलों को जांच के लिए मेरठ भेजा गया है। मौके पर रेणू सैनी, एलटी नदीम खान, आशुतोष शर्मा, अनिल आदि भी मौजूद रहे।