थानाभवन। एसओजी व थानाभवन पुलिस के साथ बदमाशों की मुठभेड़ हो गई। दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, जेवर एवं नगदी बरामद हुई है। पुलिस ने घायल बदमाशों को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया।
थानाभवन पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश ट्रक में सवार होकर मुजफ्फरनगर से थाना भवन की ओर आ रहे हैं। थानाभवन व एसओजी शामली अहाता गोसगढ़ के पास सड़क पर ही चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने जब सामने से आ रहे कैंटर को रुकने का इशारा किया तभी पुलिस को देखकर बदमाशों ने कैंटर को अहाता गोसगढ़ गांव की तरफ दौड़ा लिया। पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया तो कुछ दूर रास्ते पर जाते ही बदमाशों का कैंटर अनियंत्रित होकर खेत में घुस गया। दो बदमाश कैंटर से उतरकर भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी फायर में दो बदमाशों के पैर में गोली मार दी और दोनों को पकड़ लिया। जबकि कैंटर में सवार दो और बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश का नाम समीर दरबार खुर्द कैराना, नासिर निवासी कंकर कुई रामपुर मनिहारान एवं पकड़े गए दोनों बदमाशों की पहचान समर कोतवाली बुढ़ाना, मोनू निवासी टिटौली आदर्श मंडी को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से एक कैंटर, दो तमंचे, दो खोखे, चार कारतूस, एक मोबाइल फोन, 99 हजार की नगदी बरामद हुई है। पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने कस्बा थानाभवन में एक दुकान के गल्ले से भी 25000 रूपये की चोरी की थी।
वहीं कैराना के गांव पंजीठ में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया था। बदमाशों पर कई मुकदमे दर्ज हैं। बाकी जानकारी भी जुटाई जा रही है। घायल बदमाशों को थानाभवन अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ चल रही है।