शामली/कांधला। कांधला पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी की 16 बाइकें बरामद करते हुए उनके पास से एक तमंचा, कारतूस और तीन छुरे भी बरामद किए हैं।
सोमवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी एनपी सिंह ने बताया कि जनपद में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने दो बाइकों पर सवार चार संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से अवैध हथियार बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अहसान, दिलशाद उर्फ दिल्ला, इश्तकार और भूरा निवासी ग्राम कुडाना बताए। उनकी निशानदेही पर गांव गढ़ी रामकौर के जंगल में बने एक पुराने भवन से 14 अन्य चोरी की बाइकें बरामद की गईं।
एसपी ने बताया कि आरोपी उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा के विभिन्न जिलों से बाइक चोरी करते थे। चार मामलों में संबंधित थानों में मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य वाहनों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
एक मिनट में चोरी कर देते थे बाइक
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों को निशाना बनाते थे। गिरोह ने मास्टर चाबी तैयार कर रखी थी, जिससे वे बाइक मालिक के हटते ही महज एक मिनट में वाहन चोरी कर लेते थे। आरोपियों ने पानीपत, दिल्ली, बागपत और मुजफ्फरनगर में भी कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
पांच हजार रुपये में बेच देते थे बाइक
एसपी के अनुसार गिरोह चोरी की बाइकों को देहात क्षेत्रों में मात्र पांच हजार रुपये में बेच देता था। कागज मांगने पर खरीदारों को जल्द उपलब्ध कराने का झांसा दिया जाता था, लेकिन बाद में कागजात नहीं दिए जाते थे।
कम पढ़े-लिखे, मजदूरी की आड़ में चल रहा था गिरोह
पकड़े गए आरोपियों में दिलशाद छठी पास, अहसान पांचवीं पास है, जबकि इश्तकार और भूरा अशिक्षित हैं। सभी आरोपी मजदूरी और खेतों में काम करने की आड़ में वाहन चोरी का गिरोह चला रहे थे।