दुर्घटनाओं में महिला और बच्चे सहित चार घायल
शामली: करनाल हाईवे के गाड़ीवाला चौक पर टूरिस्ट बस एवं ट्रैक्टर की भिड़ंत में ट्रैक्टर सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। एक अन्य सड़क दुर्घटना में बाइक सवार महिला व डेढ़ वर्षीय बच्चे सहित तीन लोग घायल हुए हैं।
रविवार की रात गाड़ीवाला चौक पर करनाल से आ रही टूरिस्ट बस एवं ट्रैक्टर की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। ट्रैक्टर सवार कस्बा निवासी चरण सिंह कश्यप सड़क दुर्घटना में घायल हो गया। मौके पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजकर टूरिस्ट बस को कब्जे में ले लिया है। चरण सिंह, कस्बा झिंझाना निवासी जितेंद्र मित्तल के यहां रहता है। वह रविवार रात ट्रैक्टर से शामली से लौट रहा था। उधर, करनाल हाईवे के गांव लक्ष्मणपुरा में एक कार की चपेट में आने से बाइक सवार गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। कैराना निवासी नदीम, एक महिला व एक बच्चे को चोट लगी है। चालक कार लेकर भाग निकला।