शामली। शहर में पिछले दो दिन में बदमाशों ने लूट, चोरी व छिनैती की चार वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की कार्यशैली व सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अभी तक इन घटनाओं में शामिल बदमाशों का सुराग नहीं लगा पाई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।
शिव मंदिर में लूटपाट करने वाले पकड़ से दूर
मोहल्ला रेलपार गली नंबर पांच में स्थित शिव गोरक्षनाथ मंदिर में रविवार दोपहर को दिनदहाड़े पुजारी आनंद प्रकाश की पत्नी कांति को सीढ़ी से गिराकर और तमंचे व चाकू से आतंकित कर दानपात्र को तोड़ दिया और हजारों रुपये की नकदी लूटकर ले गए थे। महाशिवरात्रि से दो दिन पूर्व शिव मंदिर में लूट होने पर श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त है। मंदिर कमेटी के प्रबंधक रामकुमार की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली, लेकिन दो दिन बाद भी बदमाश पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
बस परिचालक से थैला छीनने वाले का नहीं लगा सुराग
शहर के गुरुद्वारा तिराहे पर मुजफ्फरनगर डिपो की अनुबंधित बस परिचालक रामकुमार से रविवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे नकदी से भरा थैला छीनकर युवक फरार हो गया। थैले में करीब 10 हजार रुपये बताए गए। इस मामले में भी पुलिस अभी तक थैला छीनने वाले युवक का सुराग नहीं लगा पाई।
क्लीनिक से 70 हजार चोरी करने वाले की नहीं हुई पहचान
शहर के बुढ़ाना रोड पर विकास वर्मा के क्लीनिक से शनिवार की दोपहर गेट का ताला तोड़कर गल्ले में रखे 70 हजार रुपये चोरी कर लिए गए। सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, लेकिन पुलिस अभी तक उसकी स्पष्ट पहचान न हो पाई है। इसके अलावा शनिवार शाम को माजरा रोड पर बाजार से घर जा रही युवती से मोबाइल छीनने की घटना हुई। लोगों ने पीछा कर आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था, जिससे युवती का मोबाइल बरामद हुआ था।
कोट
शहर में हुई घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही सभी मामलों का खुलासा कर बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा। सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहने और गश्त तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
- सुकीर्ति माधव, एसपी।