चार फर्जी वाणिज्य कर अधिकारी गिरफ्तार
बाबरी (शामली)। पुलिस ने फर्जी वाणिज्य कर अधिकारी बनकर वाहनों से उगाही करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से नीली बत्ती लगी एक बोलेरो, ट्रक चालक से लिए एक हजार रुपये बरामद किए हैं। फरार हुए आरोपी की तलाश की जा रही है।
बाबरी पुलिस को मंगलवार रात करीब नौ बजे थाना झिंझाना के मसूरा निवासी राशिद ने सूचना दी कि वह बुटराड़ा से हाईवे के गोदाम पर रेत-बजरी की गाड़ी खाली कर अपने हेल्पर जानेसर के साथ लौट रहा था। कैंडी से आगे हिंड रोड होते हुए वह थानाभवन जा रहा था। रास्ते में एक नीली बत्ती लगी तथा उत्तर प्रदेश सरकार लिखी बोलेरो में कुछ युवक खुद को वाणिज्य कर अधिकारी बताकर ट्रकों से अवैध वसूली कर रहे हैं। बाबरी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक फरार हो गया। पुलिस के अनुसार युवकों ने अपने नाम अंकित पुंडीर. निवासी हरड़ फतेहपुर, मोहम्मद अली, मुस्तफा व साजिद निवासी सोंटा रसूलपुर बताए हैं। फरार हुए साथी का नाम अफजाल, निवासी सोंटा रसूलपुर बताया गया है। आरोपियों के विरुद्ध राशिद की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। बाबरी थानाध्यक्ष नेमचंद ने बताया कि फर्जी वाणिज्य कर अधिकारी बनकर मालवाहक वाहनों से वसूली करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके फरार हुए साथी की तलाश की जा रही है। सीओ थानाभवन अमित सक्सेना ने भी पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की।
अंकित बनता था अधिकारी, अन्य करते थे लेनदेन
बाबरी। फर्जी वाणिज्य कर अधिकारी बनकर वाहनों से वसूली करने वाले गिरोह में अंकित पुंडीर अधिकारी बनता था तथा अन्य वाहन चालकों से लेनदेन करते थे। वह हिसार की एक फाइनेंस कंपनी में आठ माह से कलेक्शन एजेंट का काम भी कर रहा है। फाइनेंस पर ली गई गाड़ियों की किस्त कलेक्शन करता था। उसने 2016 में मेरठ से बीसीए किया था। उसके साथ पकड़े गए मुस्तफा और साजिद ट्रक चालक हैं। वे ईंट भट्ठों से देहरादून में ईंटें ढुलाई का काम करते हैं। घटना में प्रयुक्त बोलेरो मोहम्मद अली ने अपने साले के नाम पर फाइनेंस करा रखी है। वह इस गाड़ी को किराये पर चलता था, लेकिन 10 दिन पहले ही अंकित के साथ 900 रुपये प्रतिदिन किराये पर लगाई थी।
इन्होंने कहा
फर्जी वाणिज्य कर अधिकारी अधिकारी बनकर मालवाहक वाहनों से वसूली करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
- विनीत जायसवाल, एसपी।