तीन शिक्षक सहित चार कोरोना संक्रमित
कांधला (शामली)। जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। कस्बा कांधला के चंदनलाल नेशनल इंटर कॉलेज के तीन शिक्षक और एक लिपिक के सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने से कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया। कॉलेज अब दो दिसंबर को खुलेगा।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कस्बे के चंदन लाल नेशनल इंटर कॉलेज में पहुंचकर रेंडम सैंपल लिए थे। सैंपलों की जांच रिपोर्ट में कॉलेज के तीन शिक्षक और एक लिपिक कोरोना संक्रमित मिले। चारों संक्रमितों को होमआइसोलेट किया गया है। स्वास्थ्य टीम ने कोरोना संक्रमितों के आसपास रहने वाले लोगों के भी सैंपल लेकर जांच को भेजे हैं। इस कॉलेज के प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने बताया कि कॉलेज की शुक्रवार से चार दिन की छुट्टी की गई है। पालिका की टीम ने कॉलेज में पहुंचकर सैनिटाइजेशन किया। दूसरी ओर, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नगर पालिका परिषद, डाकघर, बिजलीघर, खंड विकास कार्यालय, सहकारी समिति सहित कई कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। राजकीय अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डा. रामबीर सिंह का कहना है कि कॉलेज में मिले चारों संक्रमितों को उनके घरों पर आइसोलेट किया गया है। डीआईओएस सरदार सिंह ने बताया कि कॉलेज में तीन शिक्षक समेत चार लोग कोरोना संक्रमित मिलने पर उन्हें होम आइसोलेट किया गया है। छात्रों के भी सैंपल लिए गए थे, उन सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। कालेज को सैनिटाइज करा दिया गया है।