शामली। जिले में कोरोना संक्रमण के लगातार केस बढ़ रहे हैं। बृहस्पतिवार को जिले में परियोजना निदेशक समेत चार व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके बाद विकास भवन कार्यालय को सैनिटाइजेशन के लिए दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। जिले में सक्रिय केस की संख्या 143 हो गई है।
जिले में प्राप्त सैंपलों की जांच रिपोर्ट में विकास भवन में परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर प्रसाद तिवारी के सैंपल की बृहस्पतिवार को एंटीजन किट से हुई जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। परियोजना निदेशक ने बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में पंचायत चुनाव को लेकर आरओ और एआरओ को प्रशिक्षण दिया था। परियोजना निदेशक के कोरोना संक्रमित होने पर डीएम ने जनहित में कोविड-19 के फैलाव को रोकने और बचाव व नियंत्रण के उद्देश्य से 48 घंटे बंद रखने के निर्देेेश दिए हैं। डीएम ने संपर्क में आने वाले लोगों की जांच और सैनिटाइजेशन कराने के भी निर्देश दिए। परियोजना निदेशक के अलावा 33 वर्षीय और 50 वर्षीय दो बैंककर्मी आरटी-पीसीआर किट से जांच में कोरोना संक्रमित मिले हैं। एक व्यक्ति की कोरोना संक्रमित रिपोर्ट बुधवार देर रात मिली है। डीएम ने बताया कि कोरोना के सात मरीज स्वस्थ हुए हैं। अब सक्रिय केस की संख्या 135 हो गई है।