झिंझाना। दरगाहपुर रोड स्थित बरातघर के पास बाइक सवार की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कस्बे के एक युवक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बे के मोहल्ला तलाही निवासी समीर (18) पुत्र शमीम का शव शुक्रवार की दोपहर को दरगाहपुर रोड पर पड़ा मिला था। पास में उसकी बाइक पड़ी थी। उस समय दीवार से बाइक टकराने पर युवक की मौत होना मानकर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया था। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार सुबह युवक के शव को गमगीन माहौल में उसे सुपुर्दे खाक किया गया।
मृतक के पिता शमीम, चाचा शौकीन व अन्य परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पूर्व समीर का कस्बा निवासी एक युवक से विवाद हुआ था। आरोप है कि शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे वहीं युवक समीर को घर से बुलाकर अपने साथ ले गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर ही है।