शामली। पंचायत चुनाव का बिगुल बज चुका है और इसका सबसे अहम चरण नामांकन प्रक्रिया 13 अप्रैल से शुरू हो जाएगी। नामांकन पत्रों की खरीद और उन्हें पूरा कराने का काम शुरू हो गया है। पर्चे में कोई कमी न रह जाए, इसलिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है। नामांकन पत्र तो 300 रुपये में मिल रहा है, लेकिन इसे भरवाने में एक हजार रुपये तक फीस भी दावेदार देने से पीछे नहीं हट रहे हैं।
जिले में तीसरे चरण में चुनाव होना है और 13 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत हो जाएगी। कई दिनों से ब्लॉकों से नामांकन पत्र खरीदे जा रहे हैं। ग्राम प्रधान, बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्य के पद के नामांकन पत्र भरने के लिए ब्लॉकों के बाहर अधिवक्ताओं ने अपने ठिकाने बना लिए हैं। दावेदार जरूरी दस्तावेजों की जानकारी लेने के साथ ही नामांकन पत्र भी इनसे भरवा रहे हैं। साथ ही इस बात की भी पूरा भरोसा ले रहे हैं कि उनका पर्चा किसी कमी के कारण निरस्त न हो जाए।
ब्लॉक कार्यालय के बाहर पर्चा भर रहे अनिकेत और प्रवीण ने बताया कि एक हजार रुपये में ग्राम प्रधान पद का नामांकन पत्र पूर्ण कर रहे हैं। ग्राम प्रधान पद का पर्चा लेने आए विजयपाल ने बताया कि नामांकन पत्र में कोई कमी रह गई तो उसके खारिज होने का डर रहता है। इसलिए विशेषज्ञ से ही पर्चा भरवाना बेहतर है। इसके लिए थोड़ा ज्यादा शुल्क देना पड़े तो भी कोई फर्क नहीं पड़ता।
-------------
अधिवक्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी
जिला पंचायत के दावेदारों ने भी अधिवक्ताओं को नामांकन पत्र पूर्ण करने की जिम्मेदारी सौंप दी है। 13 और 15 अप्रैल को नामांकन होना है। जिला पंचायत का नामांकन कलक्ट्रेट में होगा।
--------------
नामांकन के लिए जरूरी दस्तावेज
- उम्मीदवार के फोटो
- आधार कार्ड
- मतदाता सूची
- जमानत राशि जमा करने के चालान की प्रति
- सामान्य निवास प्रमाणपत्र
- जाति प्रमाणपत्र (पद आरक्षित होने पर)
- ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत का अदेय प्रमाणपत्र (यदि बकाएदार हैं तो)
- प्रस्ताव के फोटो एवं आधार कार्ड
नामांकन पत्र के साथ मिलने वाले निर्देश पत्र का सावधानी से अध्ययन करें तथा उसमें दिए गए निर्देशों का पालन करें।