हनुमान धाम में 51 फुट के रावण का होगा दहन, कैराना, कांधला और अन्य स्थानों पर भी होगा दहन, आयोजक बोले, तैयारियां पूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। दशहरे पर शामली के हनुमान धाम में इस बार दर्शकों को अनोखा नजारा देखने को मिलेगा। पहली बार भगवान राम हवा में तीर चलाते हुए रावण के पुतले पर निशाना साधते नजर आएंगे। तीर रावण की नाभि में लगते ही पुतले से अमृत जल की धारा निकलेगी और 51 फुट ऊंचा रावण धराशायी हो जाएगा। पुतले की आंखों की पुतलियां हिलेंगी और हाथ भी चलते नजर आएंगे।
हनुमान धाम के प्रधान सलिल द्विवेदी ने बताया कि रावण का पुतला पारंपरिक कारीगरी और आधुनिक तकनीक के मेल से तैयार किया गया है। इसे बनाने में करीब 300 बांसों का इस्तेमाल हुआ है। बांसों की पतली खपच्चियों से ढांचा तैयार कर उसे आकार दिया गया। पुतले को सजाने में 80 किलोग्राम से अधिक कागज और करीब डेढ़ क्विंटल लेई का इस्तेमाल किया गया है। रावण के साथ 51 फुट ऊंचे कुंभकर्ण और भी 51 फुट ऊंचे मेघनाद के पुतले भी तैयार किए गए हैं। इस बार नया प्रयोग किया गया है। धाम की छत से रस्सी के सहारे राम इस बार रावण को तीर मारते नजर आएंगे, जिसकी तैयारी कर ली है।
- कैराना में 35 फुट का रावण, कांधला में 55 फुट का
कैराना में प्राचीन देवी मंदिर तालाब पर 35 फुट ऊंचे रावण और 30-30 फुट ऊंचे कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का दहन होगा। कांधला के रामलीला मैदान में 55 फुट ऊंचे रावण का पुतला जलाया जाएगा। रामलीला प्रबंधक लोकेश गोयल उर्फ पिंटू सभासद ने इसकी जानकारी दी।
- चौसाना, बाबरी और गढ़ी में भी होगा दहन
चौसाना में श्री शिव रामलीला ड्रामेटिक क्लब के प्रधान दिनेश कश्यप के अनुसार, यहां 20 फुट ऊंचे रावण का दहन होगा। बाबरी में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विवेक मित्तल ने बताया कि रावण का पुतला 32 फुट ऊंचा है। गढ़ी अब्दुल्ला खां में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अखिलेश सैनी के अनुसार, 15 फुट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा।
- मुस्लिम कारीगर बना रहे 55 फीट ऊंचा रावण
कांधला। दशहरे पर कैराना मार्ग स्थित रामलीला ग्राउंड में 55 फीट ऊंचे दस मुंह वाले रावण का दहन किया जाएगा। बागपत के टटीरी निवासी मुस्लिम कारीगर मोहम्मद नदीम, नसीम, मोहम्मद सलाऊ और सलाम पुतला तैयार करने में जुटे हैं। नदीम ने बताया कि वह बचपन से रावण सहित अन्य पुतले बनाने का काम कर रहे हैं। उनके परिवार के बड़े-बुजुर्ग भी इस काम से जुड़े रहे हैं। दशहरे के लिए पुतले को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
हनुमान धाम में पुतले तैयार करता कारीगर। संवाद
हनुमान धाम में पुतले तैयार करता कारीगर। संवाद