कैराना। लॉकडाउन के चलते खाना पैकिंग क्राकरी बाजार में नहीं मिल पा रही है, लिहाजा बुधवार को भी सामुदायिक भवन में गरीबों को बंटने वाले भोजन को पॉलिथीन में ही पैक किया गया।
सामुदायिक भवन में श्रमिकों, निर्धन लोगों को दिए जाने वाले भोजन की पैकिंग पॉलिथीन में हो रही है। बुधवार को अमर उजाला में समाचार प्रकाशित हुआ तो अधिकारियों ने संज्ञान लिया। कैराना सामुदायिक भवन में पैकिंग के लिए पॉलिथीन का विकल्प तलाशा गया। सामुदायिक किचन के प्रभारी नगर पालिका के लिपिक रविन्द्र कुमार ने भोजन पैकिंग के लिए कस्बे के बाजार से क्राकरी खरीदने का प्रयास किया, लेकिन बाजार में क्राकरी नहीं मिली। बताया कि 25 मार्च से लगातार किचन में खाना तैयार कराकर वितरित किया जा रहा है, लेकिन लॉकडाउन के कारण बाजार में दूसरे शहरों से भी क्राकरी नहीं आ पा रही है। फिलहाल मजदूरों को भोजन कराना ही प्राथमिकता है इसलिए मजबूरी में पॉलिथीन में ही सब्जी पैक करनी पड़ रही है। उधर एसडीएम देवेंद्र सिंह ने बताया कि पॉलिथीन का प्रयोग गलत है, लेकिन लॉकडाउन के कारण बाजार में क्राकरी नहीं है फिर भी प्रयास किया जा रहा है कि कोई वैकल्पिक व्यवस्था जल्द कर ली जाएगी।