कांधला (शामली)। खाद्य विभाग की टीम ने मेला स्थल पर दुकानों पर छापेमारी करते हुए खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। व्यापारियों ने विरोध करते हुए खाद्य विभाग की टीम का घेराव कर प्रदर्शन किया।
एसडीएम कैराना अमितपाल शर्मा को लोगों ने शिकायती पत्र देकर बताया कि नवरात्र पर कैराना रोड स्थित रामलीला मेले और कस्बे की कुछ दुकानों पर घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। एसडीएम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज तोमर, नरेश कुमार व सुनील कुमार ने टीम के साथ रामलीला मेले में कई दुकानों पर छापेमारी की। टीम ने चार दुकानों से रबडी, बर्फी और लाल मिर्च और चौलाई के नमूने लिए। टीम ने कस्बे में भी कई दुकानों पर छापेमारी की। इसके बाद व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने टीम पर दुकानदारों से अवैध वसूली करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया औरखाद्य विभाग की टीम का घेराव किया। उप्र उद्योग व्यापार मंडल के नगराध्यक्ष ईश्वर दयाल कंसल का कहना है कि मेला आयोजन वर्ष में एक बार होता है। छोटे व्यापारी दुकानें लगाकर परिवार का गुजर बसर कर रहे हैं। ऐसे में खाद्य विभाग की टीम द्वारा छोटे व्यापारियों को दहशतजदा करते हुए नमूने लेने कार्रवाई कर रही है, जो गलत है।