शामली। जिले में कोरोना पॉजिटिव के पांच और नए केस सामने आए हैं। इनमें एक कोरोना पॉजिटिव दिल्ली पुलिस का सिपाही है। दो केस पूर्व में मिले कोरोना संक्रमित के संपर्क वाले हैं, जबकि अन्य अन्य दो युवक दिल्ली और राजस्थान से लौटे हैं। जनपद में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है।
बृहस्पतिवार को जनपद में मेरठ मेडिकल से आई सैंपलों की जांच रिपोर्ट में दो महिला समेत पांच लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। अधिकारियों के मुताबिक कोरोना संक्रमितों में एक दिल्ली पुलिस का सिपाही है। इस सिपाही की दिल्ली के मंडोला में तिहाड़ जेल पर ड्यूटी चल रही है। इसे बुखार होने पर अधिकारियों ने छुट्टी देकर घर भेज दिया था। यह 14 जून को शामली के मोहल्ला कृष्णा नगर में अपने घर पहुंचा था। 15 जून को स्वास्थ्य टीम ने इसका सैंपल लिया था और इसे होम क्वारंटीन किया गया था। 13 जून को शामली में सुभाष चौक निवासी महिला के सैंपल की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। बृहस्पतिवार को इसके क्लोज कांटेक्ट में आई कैराना के मोहल्ला टीचर कालोनी निवासी महिला के सैंपल की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। शामली क्षेत्र के एक गाव निवासी दिल्ली पुलिस के सिपाही के सैंपल की रिपोर्ट 11 जून को कोरोना पॉजिटिव आई थी। उनके परिवार के सैंपल लिए गए थे। बृहस्पतिवार को आई रिपोर्ट में सिपाही की बहन कोरोना पॉजिटिव मिली है।
बाबरी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक राजस्थान में काम करता है। कुछ दिन पहले वह घर पर आया था। स्वास्थ्य टीम ने 15 जून को इसका सैंपल लिया था। बृहस्पतिवार को इसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसके अलावा कैराना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के सैंपल की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। यह युवक करीब 15 दिन पहले घर आया था। इसका सैंपल 15 जून को लिया गया था। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि बृहस्पतिवार को मेरठ मेडिकल से प्राप्त सैंपलों की रिपोर्ट में पांच नए केस कोरोना पॉजिटिव मिले है। सभी कोरोना पॉजिटिव मिले लोगों को कोविड अस्पताल झिंझाना में भर्ती कराया गया है।
--
पानीपत से लौटी वृद्धा को मेरठ मेडिकल रेफर किया
- पानीपत में हुई जांच में रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली
कैराना। कस्बा कैराना के एक मोहल्ला निवासी 70 वर्षीय वृद्धा को बुखार, खांसी और नजला होने पर करीब छह दिन पहले पानीपत प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। महिला की हालत में सुधार नहीं होने पर तीन दिन पहले उसका कोरोना की जांच के लिए सैंपल लेकर उसे घर भेज दिया गया था। बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे वृद्धा को सांस लेने में परेशानी होने पर परिजनों ने 108 नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस को बुलाया और सीएचसी ले गए। सीएचसी में जब वृद्धा का उपचार चल रहा था, उसी दौरान पानीपत अस्पताल से फोन द्वारा उसके परिजनों को वृद्धा की कोरोना की रिपोर्ट पाजिटिव आने की सूचना दी गई। इसके बाद डाक्टरों ने वृद्धा को मेरठ मेडिकल रेफर कर एंबुलेंस से भेज दिया गया। सीएचसी कैराना के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को 70 वर्षीय वृद्धा की पानीपत निजी अस्पताल से कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आना बताया गया है। वृद्धा की हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ मेडिकल भेजा गया है।