शामली। जिले के शामली, कैराना, थानाभवन, ऊन और कांधला ब्लॉकों में पशुओं के लिए सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पांच औषधि केंद्र जल्द खोले जाएंगे। इस योजना की तैयारी पशुपालन विभाग ने कर ली है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रभानु कश्यप ने बताया कि प्रत्येक विकास खंड में एक केंद्र स्थापित किया जाएगा, ताकि पशुपालकों को उचित मूल्य पर आवश्यक दवाइया आसानी से मिल सकें।
केंद्र खोलने के इच्छुक आवेदकों को आवेदन के साथ फार्मासिस्ट का नाम और पंजीकरण विवरण, दुकान के लिए 120 वर्ग फुट क्षेत्रफल का प्रमाण पत्र, ड्रग सेल लाइसेंस का प्रमाण पत्र जमा करना होगा।
डॉ. कश्यप ने बताया कि प्रधानमंत्री कृषक समृद्धि केंद्र और सहकारी समितियों के योग्य लाभार्थियों को इस योजना में प्राथमिकता दी जाएगी। यह केंद्र भारत सरकार के पशुधन स्वास्थ्य एवं बीमारी नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित होगा।
केंद्र खोलने के इच्छुक आवेदकों को 5000 रुपये शुल्क अदा करना होगा और आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह http://pashuaushadhi.dahd.gov.in पर ऑनलाइन पूरी करनी होगी। डॉ. कश्यप ने कहा कि पशुपालकों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइया समय पर उपलब्ध हो। संवाद