फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: पांच घंटे झमाझम बारिश, तापमान दस डिग्री गिरा

Fri, 16 Oct 2026 01:21 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शामली
विज्ञापन
शामली के नेहरू मार्किट में बारिश से सड़क पर फैली कीचड़ साफ करते लोग।  संवाद
विज्ञापन
शामली। जिले में बृहस्पतिवार सुबह घने काले बादलों से दिन में भी रात जैसा अंधेरा छा गया। सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई। इससे अधिकतम तापमान में 10 डिग्री और न्यूनतम में दो डिग्री सेल्सियस की कमी आई। जिले में 20 एमएम बारिश हुई। उधर बारिश के दौरान गांव कुड़ाना में बिजली गिरने से छत की बाउंड्री व सीमेंट की चादर की शेड क्षतिग्रस्त होने के साथ विद्युत उपकरण फुंक गए।
विज्ञापन

सुबह के समय बादल छाए हुए थे। नौ बजे अचानक हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। पांच घंटे तक जिले में झमाझम बारिश होती रही। दो बजे बारिश थमने के बाद कुछ देर के लिए धूप निकली। इसके बाद फिर से बादल छा गए। बारिश से जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूल से बच्चे भी भीगते हुए घर पहुंचे। हवा के ठंडी होने से लोगों को सर्दी का अहसास हुआ। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 31 से गिरकर 21 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान 21 से गिरकर 19 डिग्री सेल्सियस रहा। कैराना, कांधला, झिंझाना, ऊन, चौसाना, बनत, थानाभवन व जलालाबाद क्षेत्र में बारिश के दौरान जगह-जगह पर जलभराव की समस्या बनी रही, जिससे लोगों को आने जाने में परेशानी हुई।
पूर्वी यमुना नहर लोअर खंड के सहायक अमरजीत ने बताया कि जिले में 20 एमएम बारिश हुई है। इस वर्ष अक्तूबर के महीने में अब तक 29 एमएम बारिश हो चुकी है जबकि पिछले वर्ष 2025 में इस महीने में मात्र तीन एमएम बारिश हुई थी।
विज्ञापन

सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ एवं साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण शुक्रवार को भी तेज हवा गरज व ओलावृष्टि के साथ हल्की वर्षा की संभावना है।
गांव कुड़ाना में दूध विक्रेता असलम के घर पर सुबह दस बजे तेज आवाज के साथ बिजली गिरी। असलम उस समय किसी काम से गया था जबकि घर पर मां, पिता, पत्नी व तीन बच्चे थे। असलम के पिता इकबाल ने बताया कि इस दौरान छत के ऊपर बनी बाउंड्री वॉल का हिस्सा टूटकर नीचे सीमेंट की चादर के टीन शेड पर गिरा। इसमें शेड भी क्षतिग्रस्त हो गई। बिजली गिरने से फ्रिज, फिटिंग, एलईडी बल्ब आदि विद्युत उपकरण फुंक गए।
बारिश के चलते जिलेभर में बिजली गुल
शामली। बारिश के दौरान जिलेभर में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। कई क्षेत्रों में फाल्ट होने से घंटों बिजली गुल रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। औद्योगिक क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति बाधित रहने से फैक्टरियों में कामकाज प्रभावित हुआ।
शहर की वर्मा मार्केट, हनुमान धाम रोड, दिल्ली रोड, बुढ़ाना रोड, मुजफ्फरनगर रोड और काजीवाड़ा समेत कई क्षेत्रों में दोपहर बाद तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली नहीं मिलने से उत्पादन कार्य भी प्रभावित रहा। ऊर्जा निगम के एसडीओ विनीत कुमार ने बताया कि बारिश के कारण फाल्ट होने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। फाल्ट ठीक कराने के बाद आपूर्ति सुचारु कर दी गई।

शामली के नेहरू मार्किट में बारिश से सड़क पर फैली कीचड़ साफ करते लोग।  संवाद

शामली के नेहरू मार्किट में बारिश से सड़क पर फैली कीचड़ साफ करते लोग।  संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें