उत्तर प्रदेश में भले ही एनकाउंटर कम हो रहे हो लेकिन, अपराधियों में पुलिस का खौफ बरकरार है। इसका अंदाजा आप यहीं से लगा सकते हैं। शामली के कैराना में गैंगस्टर के मामले में फरार चल रहे पांच आरोपी कोतवाली पहुंचे और अपराध से तौबा करते हुए पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
छह फरवरी 2021 को पुलिस ने सपा विधायक चौधरी नाहिद हसन सहित 40 के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया था। सोमवार को इस मुकदमे में वांछित पांच आरोपी अफसरूण, कयूम, राशिद, सालिम व हारूण निवासी गांव रामड़ा स्वयं कोतवाली पहुंचे। आरोपियों ने कोतवाली प्रभारी से कहा कि वो अब अपराध से तौबा करते हैं और एक आम नागरिक की जिंदगी जीना चाहते हैं। इसके बाद पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार कर लिया।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, पुलिस अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई करने की तैयारी कर रही थी। पुलिस की इस कार्रवाई पर उनको मौत का डर सताने लगा। इसलिए पांचों आरोपियों ने खुद ही अपनी जान बचाने के लिए आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पांचों आरोपी कोतवाली पहुंचे और पुलिस से गिरफ्तार करने के लिए कहा। इस दौरान पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एनकाउंटर के डर से पांच आरोपियों ने आत्मसमर्पण किया है। इनमें अफरून पुत्र लियाकत, कय्यूम पुत्र नजीर हसन उर्फ नसीम, राशिद उर्फ भूरा पुत्र रियासत, सलीम पुत्र सईद, हारून उर्फ गुड्डू पुत्र वशीद है। इन सभी ने कोतवाली पहुंचकर अपना गुनाह कबूल किया है। ये पांचों आरोपी ग्राम रामड़ा थाना कैराना के रहने वाले हैं। सीओ सिटी प्रदीप कुमार ने बताया कि एनकाउंटर से इन सभी आरोपियों ने कोतवाली में आत्मसमर्पण किया है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि गैंगस्टर के मुकदमे में वांछित पांच आरोपियों ने स्वयं कोतवाली आकर आत्मसमर्पण किया है। इससे एक सप्ताह पूर्व भी गैंगस्टर के तीन आरोपियों ने कोतवाली में आत्मसमर्पण किया था।