-परिजनों ने पुलिस को दिया था पांच दिन में खुलासे का समय, दो सितंबर तक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
बाबरी। गायक अंकित बालियान हत्याकांड का पुलिस पांच दिन बाद भी खुलासा नहीं कर सकी है। परिजनों की ओर से दिए गए पांच दिन के अल्टीमेटम की अवधि रविवार को पूरी हो गई। अंकित के पिता सतबीर का कहना है कि यदि अंकित की तेरहवीं यानी दो सितंबर तक हत्याकांड का खुलासा नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। तेरहवीं के दिन ही आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी।
दरअसल क्षेत्र के गांव बंतीखेड़ा निवासी हरियाणवी गायक अंकित बालियान की 26 अगस्त की शाम नाला पटरी पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अंकित जिम करने के बाद कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। पुलिस की जांच में सामने आया था कि हरियाणा के गोगी गैंग से जुड़े करनाल और पानीपत के चार शूटरों ने वारदात को अंजाम दिया था।
गोगी गैंग के भोलू और सिंगर भूपेंद्र ने सोशल मीडिया पर हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने शहर में वर्मा मार्केट के सामने जाम लगा दिया था। बाद में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम खुला था। इसी दौरान परिजनों ने पुलिस को पांच दिन में हत्याकांड का खुलासा करने का अल्टीमेटम दिया था।
रविवार को अल्टीमेटम की अवधि पूरी हो गई। मृतक के पिता सतबीर फौजी ने कहा कि तेरहवीं तक पुलिस की कार्रवाई और खुलासे के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।
कनाडा से दुबई पहुंचा गोगी गिरोह का भोलू, पुलिस को अहम जानकारी हाथ लगी
-शूटरों के फोन और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश
संवाद न्यूज एजेंसी
बाबरी। अंकित बालियान हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने वाले गोगी गिरोह के सदस्य भोलू को लेकर पुलिस को अहम जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार भोलू कनाडा से दुबई पहुंच गया है। पुलिस उसकी गतिविधियों और गिरोह के अन्य सदस्यों से उसके संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे शूटरों के फोन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात से पहले और बाद में शूटर किन-किन लोगों के संपर्क में थे।
पुलिस के अनुसार भोलू समेत गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं।