फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: यूपी-हरियाणा के पेट्रोल पंपों पर डकैती डालने वाले पांच बदमाश पकड़े

Wed, 08 Jul 2026 01:03 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शामली
विज्ञापन
शामली में पेट्रोल पंप पर डकैती डालने के आरोपी। स्रोत पुलिस
विज्ञापन
शामली। स्वाट टीम, सर्विलांस और थानाभवन पुलिस ने हरियाणा के दो और उत्तर प्रदेश के तीन जिलों में पांच पेट्रोल पंप पर डकैती की वारदात करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दो बदमाश अभी वांछित हैं। पुलिस का कहना है कि बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि शॉर्टकट से रुपये कमाकर शौक पूरा करने के लिए पेट्रोल पंपों पर डकैती की वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस ने बदमशों से तीन पिस्टल, दो तमंचे, कारतूस और स्काॅर्पियो गाड़ी बरामद की है।
विज्ञापन

थानाभवन थानाक्षेत्र के गांव हिंड के पास दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर शामली निवासी आयुष बंसल के जियो पेट्रोल पंप से शुक्रवार रात स्कार्पियो सवार बदमाशों ने दो सेल्समैनों को बंधक बनाकर नकदी से भरा लॉकर लूट ले गए थे। पेट्रोल पंप मैनेजर हेमंत संगल की तरफ से थानाभवन थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। एसपी ने लूट के खुलासे के लिए स्वाट, सर्विलांस एवं थाना पुलिस की टीमें लगाई थीं।
पुलिस लाइन में मंगलवार को एसपी एनपी सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि पेट्रोल पंप पर डकैती की वारदात करने वाले पानीपत और सोनीपत जिले के रहने वाले पांच शातिर अंतरराज्यीय बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए बदमाश साबिर उर्फ बाबा निवासी गांव गढ़ी झिझारा थाना गन्नौर जनपद सोनीपत, अमन, मोहसिन व काला उर्फ शाहनवाज निवासीगण गांव नवादा कलां थाना सनौली जनपद पानीपत, जसवीर निवासी सरगथल थाना गोहाना जनपद सोनीपत हाल पता गांव गढ़ी केसरी थाना गन्नौर जनपद सोनीपत है।
विज्ञापन

बदमाशों के कब्जे से तीन पिस्टल, दो तमंचे, वारदात में प्रयुक्त स्काॅर्पियो और लूट के 67 हजार रुपये बरामद हुए हैं। एसपी ने बताया कि इस गिरोह में सात बदमाश हैं। दो बदमाश वसीम और सुक्खा वांछित हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगी हैं। एसपी के मुताबिक सभी बदमाश आठवीं व दसवीं तक पढ़े हैं और कंबल फैक्टरी व ट्रैक्टर आदि पर मजदूरी करते थे। शॉर्ट कट से रुपये कमाकर शौक पूरा करने के लिए उन्होंने पेट्रोल पंपों पर डकैती की वारदातों को अंजाम दिया था। बदमाशों के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।
साबिर उर्फ बाबा गैंग लीडर, मास्टरमाइंड रहा जसवीर
एसपी ने बताया कि गिरोह के सभी बदमाश पूर्व में फैक्टरी में काम करते थे। इस दौरान एक-दूसरे के परिचित थे। जसवीर ने जिला रोहतक जिले में करीब एक माह तक पेट्रोल पंप पर काम किया था। उसे पंप पर तेल बिक्री की रकम रात में रखी होने व अन्य कार्यप्रणाली की जानकारी थी। जसवीर ने यह बात अपने साथियों को बताई थी। इसके बाद उन्होंने हाईवे किनारे सुनसान पेट्रोल पंपों पर वारदात करने की योजना बनाई और लगातार पेट्रोल पंपों पर डकैती की पांच वारदातों को अंजाम दिया।
किराये की गाड़ी से की वारदातें
पेट्रोल पंपों पर लूट के लिए बदमाशों ने हरियाणा के सोनीपत की एक ट्रैवल एजेंसी से चार से पांच हजार रुपये में किराये की गाड़ी लेते थे। इसके बाद हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंपों की रेकी करते थे और रात में सुनसान पेट्रोल पंपों पर कर्मचारियों को हथियारों से आतंकित कर लूट करते थे। वारदात करने से पहले गाड़ी की वास्तविक पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट बदलते थे या फिर फर्जी नंबर प्लेट का प्रयोग करते थे। पहचान से बचने के लिए खुद सिर व मुंह पर कपड़ा लपेटकर रखते थे।
इन पेट्रोल पंपों पर की वारदातें
- एक जुलाई की रात को हरियाणा के जिला सोनीपत के गांव लडसोली स्थित पेट्रोल पंप पर लूट का प्रयास किया।
- दो जुलाई की रात को जिला पानीपत के गांव राजखेड़ी सड़क पर इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर लूट की।
- तीन जुलाई की रात को दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर हिंड के निकट जियो के पेट्रोल पंप पर लूट की।
- चार जुलाई की रात को मेरठ के सरधना क्षेत्र में स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात की। इसके बाद जनपद मुजफ्फरनगर में थाना छपार क्षेत्र स्थित इंडियन पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात की गई।
हाईवे पर खुली सुरक्षा व्यवस्था की पोल
पेट्रोल पंपों पर लूट की वारदातों से उत्तर प्रदेश और हरियाणा में हाईवे पर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुलकर सामने आई है। बदमाशों ने सोनीपत व पानीपत जिले में पेट्रोल पंपों पर लूट की लेकिन जब पुलिस उन्हें पकड़ नहीं पाई तो उनके हौसले बढ़ गए और बॉर्डर पार कर उत्तर प्रदेश की सीमा में घुस गए। यहां दो दिन तक शामली, मुजफ्फरनगर व मेरठ जिले में तीन पेट्रोल पंपों पर वारदात कर पुलिस को खुली चुनौती दी। इन चार दिनों में बॉर्डर से लेकर हाईवे पर कहीं पर न तो उनकी गाड़ी की और न ही उनकी चेकिंग की गई, जिस कारण एक के बाद एक वारदात को अंजाम देने में सफल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें