कैराना। नगरपालिका में धरनारत सभासदों में पांच सभासदों ने भूख हड़ताल कर दी। उनका आरोप है कि चेयरमैन तानाशाही के चलते विकास नहीं करा रहे हैं। नायब तहसीलदार ने पालिका में पहुंचकर सभासदों से उनकी समस्याएं जानी और चेयरमैन से वार्ता कर समाधान का आश्वासन दिया।
नगरपालिका में पिछले पांच दिनों से सभासदों द्वारा धरना दिया जा रहा है। बुधवार को सभासद शाहिद हसन, फिरोज खान, राशिद बागवान, उम्मेद अली व राजपाल ने भूख हड़ताल शुरू कर दी। सभासदों का आरोप है कि चेयरमैन तानाशाही रवैये के चलते नगर में विकास कार्य नहीं करा रहे हैं। कुछ जगहों पर विकास कार्यों में भेदभाव भी किया जा रहा है। उन्होंने भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए हैं। सभासदों का कहना है कि जब तक चेयरमैन धरनास्थल पर पहुंचकर विकास का वादा नहीं करेंगे, तब तक धरना जारी रहेगा। बृहस्पतिवार से पांच अन्य सभासद भी भूख हड़ताल करेंगे।
ईओ समीर कुमार कश्यप ने सभासदों से वार्ता की तथा धरना समाप्त करने को कहा, लेकिन सभासद चेयरमैन को बुलाने की बात पर अडिग रहे। इसके अलावा नायब तहसीलदार सतीश यादव ने भी धरनास्थल पर पहुंचकर सभासदों की समस्याएं जानीं। इसके बाद उन्होंने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। नायब तहसीलदार ने चेयरमैन से भी फोन पर वार्ता की तथा सभासदों को समाधान निकालने का आश्वासन दिया। दूसरी ओर, सभासदों के धरने को लोगों ने भी समर्थन दिया है।